Breaking News

डॉ. हिमांशु ने 260 वोटों से जीता आईएमए अध्यक्ष पद

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली के वर्ष 2026-27 के चुनाव में अध्यक्ष पद पर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने शानदार जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी डॉ. आरवी भास्कर को 260 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। डॉ. हिमांशु अग्रवाल को 521 मत मिले, जबकि डॉ. आरवी भास्कर के पक्ष में 261 मत पड़े।

अध्यक्ष पद के परिणाम ने मुकाबले को लेकर बनी चर्चाओं पर विराम लगा दिया। मतगणना पूरी होने के बाद परिणाम घोषित होते ही आईएमए परिसर में समर्थकों और पदाधिकारियों ने जीत का जश्न मनाया। ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाइयां दी गईं। आईएमए यूपी के इलेक्टेड प्रेसीडेंट डॉ. रवीश अग्रवाल, डॉ. विनोद पागरानी, डॉ. विमल भारद्वाज, डॉ. सुदीप सरन, डॉ. अनू आर्य और डॉ. सत्येंद्र सिंह समेत अन्य चिकित्सकों ने डॉ. हिमांशु अग्रवाल को बधाई दी।

उपाध्यक्ष के दो पदों के लिए तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें डॉ. अंशु अग्रवाल ने 572 मत प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया, जबकि डॉ. शालिनी माहेश्वरी को 415 मत मिले। दोनों को उपाध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। डॉ. वीर महेंद्र पाल सिंह गंगवार को 316 मत प्राप्त हुए।

कोषाध्यक्ष पद का मुकाबला बेहद करीबी रहा। डॉ. राजवीर गंगवार ने 392 मत हासिल कर डॉ. कमेंद्र सिंह को महज छह मतों से हराया। डॉ. कमेंद्र सिंह को 386 मत मिले। अंतिम चरण तक इस पद के परिणाम को लेकर आईएमए सदस्यों में उत्सुकता बनी रही। मतगणना पूरी होने के बाद डॉ. राजवीर गंगवार को विजेता घोषित किया गया।

चुनाव प्रक्रिया के दौरान कई पदों पर निर्विरोध निर्वाचन पहले ही हो चुका था। सचिव पद पर डॉ. मोहित अग्रवाल, पीआरओ पद पर डॉ. मयंक कुमार गुप्ता और हॉस्पिटल एडवाइजरी कमेटी के सदस्य पद पर डॉ. ऋतु राजीव निर्विरोध निर्वाचित हुए।

आईएमए चुनाव में वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार ने भी अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने कहा कि आईएमए सदस्य के रूप में मतदान उनके लिए संगठन के प्रति सहभागिता और जिम्मेदारी निभाने का अवसर है। उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में मतदान को संगठन के प्रत्येक सदस्य की जिम्मेदारी बताया।

आईएमए 2026-27 की नई कमेटी

बरेली। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) बरेली के नए अध्यक्ष के रूप में डॉ. डीपी गंगवार का कार्यकाल एक अक्तूबर से शुरू होगा। कार्यभार संभालने से पहले रविवार को उन्होंने संगठन की प्राथमिकताएं साझा कीं। उन्होंने कहा कि आईएमए के लिए एक और ब्लड बैंक की स्थापना और मौजूदा रक्त सेवाओं को बेहतर बनाना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।

डॉ. गंगवार ने कहा कि चिकित्सकों और अस्पतालों से जुड़े विभिन्न मुद्दों के समाधान के लिए संबंधित सरकारी विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित किया जाएगा। अस्पतालों के पंजीकरण और नवीनीकरण में आने वाली समस्याओं को दूर कराने के लिए प्रभावी स्तर पर प्रयास किए जाएंगे, ताकि चिकित्सकों और अस्पताल संचालकों को अनावश्यक दिक्कतों का सामना न करना पड़े।

चिकित्सकों की सुरक्षा पर विशेष जोर

आईएमए अध्यक्ष ने चिकित्सकों और अस्पतालों की सुरक्षा को भी महत्वपूर्ण मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में विवाद और मारपीट की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था जरूरी है। ऐसे मामलों में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराने की दिशा में आईएमए संबंधित विभागों के साथ समन्वय करेगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की गतिविधियों को और व्यापक बनाया जाएगा। साथ ही चिकित्सकों के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने और उनके समाधान के लिए संबंधित स्तर पर लगातार संवाद किया जाएगा। डॉ. गंगवार ने कहा कि आईएमए का उद्देश्य चिकित्सकों के साथ-साथ बेहतर चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े विषयों पर भी प्रभावी ढंग से काम करना रहेगा।

और पढ़ें