- बरेली रोहिलखंड विश्वविद्यालय में भी कुलपति रहे चुके हैं केपी सिंह
- मामले में पत्नी समेत चार नामजद, तनाव बीच छावनी बना बहेड़ी
बरेली । बरेली में तहसील निवासी किसान सरदार भगवान सिंह आत्महत्या प्रकरण में पुलिस ने गोरखपुर विश्वविद्यालय कुलपति (वीसी) और रुहेलखंड विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रोफेसर कृष्ण पाल (केपी) सिंह, उनकी पत्नी संजेश समेत चार लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। बहेड़ी थाने में दर्ज इस एफआईआर के बावजूद इलाके में जबरदस्त तनाव बना हुआ है। घटना के 40 घंटे से अधिक बीत जाने के बाद भी परिजनों और किसान संगठनों ने संगठन में गुस्सा है।
किसान संगठनों ने कहा है कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं हो जातीं और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक सरदार भगवान सिंह का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पूरे बहेड़ी छावनी में तब्दील कर दिया गया था। बहेड़ी थाने, गुरुद्वारे और मृतक के गांव पचपेड़ा में कई थानों की पुलिस व पीएसी (PAC) तैनात की गई है। खुफिया विभाग के अधिकारी भी सादी वर्दी में हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए हैं।
मृतक के बेटे भाग सिंह की तहरीर पर बहेड़ी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता तहत आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण, छल-कपट, कूटरचना, आपराधिक षड्यंत्र और धमकी देने जैसी गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
आरोपी सूची में प्रमुख नाम
प्रो. कृष्ण पाल सिंह पूर्व कुलपति (रुहेलखंड विवि) व वर्तमान कुलपति (गोरखपुर विवि), निवासी मेट्रोपोलिस सिटी, रुद्रपुर।
संजेश प्रो. केपी सिंह की पत्नी, संजीव कुमार राठी निवासी नेकपुर, जनपद मेरठ। अनुज कुमार निवासी पन्तनगर, उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) व अन्य अज्ञात सहयोगी एफआईआर में नामित हुए हैं।
फर्जी बैनामे और प्रताड़ना की पूरी कहानी
तहरीर मुताबिक ग्राम पचपेड़ा निवासी सरदार भगवान सिंह ने 1995 में कृषि भूमि खरीदी थी।
जिस पर उनका परिवार रह रहा है और खतौनी में भी उन्हीं का नाम दर्ज है। आरोप है कि नामजद लोगों ने अपने पद और रसूख का इस्तेमाल कर राजस्व अधिकारियों से सांठगांठ की और बिना सूचना दिए एकतरफा आदेश पारित करा लिया। इसके बाद किसी फर्जी व्यक्ति को खड़ा कर जमीन का अवैध बैनामा करा लिया गया।
सुसाइड नोट ने खोली पोल
जब किसान ने अधिकारियों से न्याय की गुहार लगाई तो उनकी सुनवाई नहीं हुई, उल्टा उन्हें अपमानित किया गया और घर खाली करने की धमकियां मिलने लगीं। इसी मानसिक प्रताड़ना से टूटकर 20 नवंबर की सुबह करीब 11:30 बजे भगवान सिंह ने जहर खा लिया और अपनी ससुराल ग्राम राजपुर चले गए। वहां उन्होंने गुरमुख सिंह के सामने अपने अंतिम बयान (डाइंग डिक्लेरेशन) में पूर्व कुलपति और उनके साथियों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने एक हस्तलिखित सुसाइड नोट भी छोड़ा है, जिसके आधार पर पुलिस अब मामले की जांच कर रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बताया पांच लोगों पर एफआईआर दर्ज कराई गई है। हर गतिविधि पर पुलिस प्रशासन निगरानी कर रहा है।











