जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के शिविर में HPV वैक्सीनेशन, पॉक्सो एक्ट और निःशुल्क विधिक सहायता की दी जानकारी
टेलीग्राम संवाद
बरेली। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बरेली के अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश प्रदीप कुमार सिंह के मार्गदर्शन में कस्तूरबा गांधी नगर निगम बालिका इंटर कॉलेज में सर्वाइकल कैंसर उन्मूलन दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में छात्राओं को सर्वाइकल कैंसर से बचाव, एचपीवी (HPV) वैक्सीनेशन, बालिकाओं के कानूनी अधिकारों और महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं सिविल जज (सीनियर डिवीजन) जया प्रियादर्शनी ने छात्राओं को संबोधित करते हुए पॉक्सो एक्ट-2012 के प्रावधानों, मौलिक अधिकारों और मौलिक कर्तव्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार के शोषण या उत्पीड़न की स्थिति में बालिकाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए और आवश्यकता पड़ने पर कानूनी सहायता लेने में संकोच नहीं करना चाहिए। उन्होंने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क विधिक सहायता के बारे में भी विस्तार से बताया।
शिविर में उपस्थित चिकित्सक डॉ. प्रगति अग्रवाल ने छात्राओं को एचपीवी संक्रमण और इससे होने वाले सर्वाइकल कैंसर के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि समय रहते एचपीवी वैक्सीनेशन और नियमित स्वास्थ्य जांच के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से 9 से 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण के महत्व, वैक्सीन के लाभ और निर्धारित खुराक के बारे में जानकारी दी। साथ ही छात्राओं की स्वास्थ्य संबंधी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को आपातकालीन और सहायता सेवाओं के हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। इनमें नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला पावर हेल्पलाइन 1090 और आपातकालीन सेवा 112 शामिल हैं।
इस अवसर पर पीएलवी प्रभा गंगवार, डॉ. वर्षा, डॉ. रुपाली, फैजान, कॉलेज की प्रधानाचार्य मनोरमा देवी सहित अन्य शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी देकर आत्मनिर्भर और सशक्त बनाना रहा।












