Breaking News

डीआईजी मुनिराज ने एक ही जनपद में तीन साल की तैनाती पूरी करने वाले 149 निरीक्षक-उपनिरीक्षकों किए तबादले

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • बरेली से 51 पुलिस अधिकारी स्थानांतरित
  • चुनाव से पहले बरेली रेंज में बड़ा फेरबदल

टेलीग्राम संवाद

बरेली। विधानसभा चुनाव-2027 को निष्पक्ष, स्वतंत्र, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस महकमे ने अभी से अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले पुलिस व्यवस्था को दुरुस्त करने और लंबे समय से एक ही जनपद में तैनात पुलिस अधिकारियों को दूसरी जगह भेजने की कवायद के तहत बरेली परिक्षेत्र में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। डीआईजी बरेली परिक्षेत्र मुनिराज के निर्देश पर बरेली, बदायूं, शाहजहांपुर और पीलीभीत में कुल 149 निरीक्षक और उपनिरीक्षकों के स्थानांतरण किए गए हैं। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।

17 नवंबर 2026 को जारी प्रेस नोट के मुताबिक, आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को दृष्टिगत रखते हुए भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई है। इसमें 109 निरीक्षक नागरिक पुलिस और 40 उपनिरीक्षक नागरिक पुलिस समेत कुल 149 पुलिसकर्मियों को एक जनपद से दूसरे जनपद में स्थानांतरित किया गया है।

बरेली से सबसे अधिक 51 पुलिस अधिकारी स्थानांतरित

जारी स्थानांतरण विवरण के अनुसार चारों जनपदों में पुलिस अधिकारियों के तबादलों की स्थिति इस प्रकार है-

बरेली परिक्षेत्र के चारों जनपदों में स्थानांतरण के तहत बरेली से 40 निरीक्षक और 11 उपनिरीक्षक समेत कुल 51 पुलिस अधिकारियों का तबादला किया गया है। बदायूं में 26 निरीक्षक और 9 उपनिरीक्षक, यानी कुल 35 पुलिसकर्मियों को स्थानांतरित किया गया है। शाहजहांपुर में 24 निरीक्षक और 15 उपनिरीक्षक समेत 39 अधिकारियों के कार्यक्षेत्र बदले गए हैं। वहीं पीलीभीत में 19 निरीक्षक और 5 उपनिरीक्षक समेत कुल 24 पुलिस अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है।इस तरह चारों जनपदों में कुल 109 निरीक्षक और 40 उपनिरीक्षक सहित 149 पुलिस अधिकारियों को नई तैनाती दी गई है। इनमें बरेली जनपद से सबसे अधिक 51 पुलिस अधिकारी स्थानांतरित हुए हैं।

बरेली से 40 निरीक्षक तीन जनपदों में भेजे गए

स्थानांतरण आदेश में बरेली में तैनात 40 निरीक्षकों को दूसरे जनपदों में भेजा गया है। जारी सूची के मुताबिक इनमें 17 निरीक्षकों को शाहजहांपुर, 13 को बदायूं और 10 को पीलीभीत स्थानांतरित किया गया है। आदेश में सभी संबंधित निरीक्षकों के नाम, पीएनओ नंबर और स्थानांतरण वाले जनपद का उल्लेख किया गया है।

एक ही जनपद में तीन वर्ष की तैनाती बनी तबादले की वजह

पुलिस महानिरीक्षक स्थापना, उत्तर प्रदेश लखनऊ की ओर से जारी आदेश और बरेली जोन के निर्देशों के क्रम में यह कार्रवाई की गई है। आदेश में उल्लेख है कि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के दृष्टिगत ऐसे निरीक्षक नागरिक पुलिस, जिन्होंने पिछले चार वर्षों में किसी एक जनपद में तीन वर्ष की सेवा पूरी कर ली है, उन्हें 31 मई 2027 तक की अवधि को ध्यान में रखते हुए दूसरे जनपद में स्थानांतरित किया जाए।

तत्काल कार्यमुक्त कर नई तैनाती पर भेजने के निर्देश

डीआईजी बरेली परिक्षेत्र मुनिराज ने संबंधित जनपद प्रभारियों को निर्देशित किया है कि स्थानांतरण आदेशों का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित कराया जाए। स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल कार्यमुक्त कर उनके नवीन तैनाती स्थल पर रवाना किया जाए, जिससे चुनाव संबंधी दिशा-निर्देशों का समय से पालन हो सके।पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था और पुलिस प्रशासन को व्यवस्थित करने की महत्वपूर्ण कवायद माना जा रहा है। चारों जनपदों में एक साथ हुए इस बड़े फेरबदल से पुलिस अधिकारियों की तैनाती व्यवस्था में बदलाव होगा।

और पढ़ें

150 रुपये मासिक मानदेय से पद्मश्री तक का सफर, अब ओशो की राह पर पद्मश्री डॉ. मुकेश बत्रा~झुग्गी-बस्तियों में 300 मरीजों का उपचार करने वाले डॉ. मुकेश बत्रा ने खड़ा किया अंतरराष्ट्रीय होम्योपैथी नेटवर्क

150 रुपये मासिक मानदेय से पद्मश्री तक का सफर, अब ओशो की राह पर पद्मश्री डॉ. मुकेश बत्रा~झुग्गी-बस्तियों में 300 मरीजों का उपचार करने वाले डॉ. मुकेश बत्रा ने खड़ा किया अंतरराष्ट्रीय होम्योपैथी नेटवर्क