- 18 वर्षों से संघर्ष को सफलता में बदलने वाले नायकों को राष्ट्रीय मंच दे रहे पॉजिटिव हेल्थ अवॉर्ड्स
- अरुणिमा सिन्हा, दीपा मलिक और लक्ष्मी अग्रवाल जैसी शख्सियतों की कहानियों ने बदली समाज की सोच
- 17 नवंबर को मुंबई में होगा 18वां समारोह
हमारे संपादक(दिल्ली-एनसीआर) पवन सचदेवा की कल शनिवार को श्री रजनीश ध्यान मन्दिर, कुमाशपुर- दीपालपुर रोड, सोनीपत में पद्मश्री डॉ मुकेश बत्रा से हुई विशेष बातचीत पर आधारित
पवन सचदेवा
टेलीग्राम संवाद, सोनीपत। जीवन में मुश्किलें हर किसी के सामने आती हैं, लेकिन कुछ लोग ऐसे होते हैं जो विपरीत परिस्थितियों को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी ताकत बना लेते हैं। कोई दुर्घटना में अपना पैर गंवाने के बाद दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह कर लेता है, तो कोई शारीरिक दिव्यांगता के बावजूद अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का नाम रोशन करता है। कोई एसिड अटैक के बाद समाज की रूढ़िवादी सोच को चुनौती देता है, तो कोई गंभीर बीमारी से जूझते हुए सैकड़ों जरूरतमंदों की जिंदगी संवारने में जुट जाता है।
ऐसे ही असाधारण साहस, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के धनी लोगों को सम्मानित करने की पहल पिछले 18 वर्षों से पद्मश्री डॉ. मुकेश बत्रा कर रहे हैं। वर्ष 2006 में शुरू हुए ‘डॉ. बत्रा पॉजिटिव हेल्थ अवॉर्ड्स’ ने अब तक ऐसी अनेक संघर्षगाथाओं को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है, जो समाज के लिए प्रेरणा बन चुकी हैं। इस वर्ष 18वें पुरस्कार समारोह का आयोजन 17 नवंबर 2026 को मुंबई के एनसीपीए स्थित होमी भाभा सभागार में होगा।

इस अवसर पर पवन सचदेवा, संपादक (दिल्ली-एनसीआर), टेलीग्राम संवाद ने पद्मश्री डॉ. मुकेश बत्रा से विशेष बातचीत की। प्रस्तुत हैं बातचीत के प्रमुख अंश :
सवाल : डॉ. बत्रा, पॉजिटिव हेल्थ अवॉर्ड्स की शुरुआत करने का विचार आपके मन में कैसे आया? चिकित्सा के क्षेत्र में रहते हुए इस तरह की पहल की आवश्यकता क्यों महसूस हुई?
डॉ. मुकेश बत्रा : चिकित्सा के लगभग पांच दशक के अनुभव ने मुझे एक बात बहुत गहराई से समझाई है कि बीमारी केवल शरीर को प्रभावित नहीं करती, बल्कि व्यक्ति के मन, आत्मविश्वास और जीवन के प्रति उसके नजरिये को भी प्रभावित करती है। चिकित्सा विज्ञान शरीर का उपचार कर सकता है, लेकिन मरीज के भीतर जीने की इच्छा और आगे बढ़ने का विश्वास पैदा करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
मैंने अपने चिकित्सकीय जीवन में ऐसे अनेक लोगों को देखा, जो गंभीर बीमारियों और शारीरिक चुनौतियों के बावजूद असाधारण उपलब्धियां हासिल कर रहे थे। मैंने महसूस किया कि उनकी कहानियां केवल उनकी व्यक्तिगत सफलता नहीं हैं, बल्कि उन हजारों लोगों के लिए उम्मीद का संदेश हैं, जो बीमारी या किसी दुर्घटना के कारण निराश हो जाते हैं।
इसी सोच के साथ वर्ष 2006 में पॉजिटिव हेल्थ अवॉर्ड्स की शुरुआत की। मेरा उद्देश्य ऐसे लोगों को सम्मानित करना था, जिन्होंने अपनी परिस्थितियों के सामने घुटने नहीं टेके। मैं मानता हूं कि दवाइयां शरीर को स्वस्थ कर सकती हैं, लेकिन जब इंसान स्वयं ठान लेता है तो उसकी आत्मशक्ति उसे भीतर से मजबूत बनाती है।
सवाल : इन पुरस्कारों के 18 वर्ष पूरे होना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है। इस यात्रा को आप किस तरह देखते हैं?
डॉ. बत्रा : मेरे लिए यह केवल 18 वर्षों का सफर नहीं, बल्कि हजारों प्रेरणादायक अनुभवों और मानवीय जज्बे की यात्रा है। शुरुआत में हमने अपने मरीजों के बीच से ऐसे लोगों को चुना, जिन्होंने गंभीर बीमारियों के बावजूद जीवन में आगे बढ़ने का रास्ता बनाया था।
इनमें वर्षा केवलरामानी भी थीं, जो एपिडर्मोलाइसिस बुलोसा नामक दुर्लभ बीमारी से पीड़ित थीं। इस बीमारी में त्वचा बेहद नाजुक हो जाती है और मामूली चोट से भी घाव बन सकते हैं। इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और सफल अधिवक्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई।
धीरे-धीरे यह पहल देशभर में पहुंची और हमें ऐसी कहानियां मिलने लगीं, जिन्होंने साबित किया कि इंसान की क्षमता उसकी शारीरिक सीमाओं से कहीं बड़ी होती है। आज जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूं तो महसूस करता हूं कि इन पुरस्कारों ने केवल लोगों को सम्मानित नहीं किया, बल्कि समाज को जीवन को देखने का एक नया नजरिया भी दिया है।
सवाल : अरुणिमा सिन्हा, दीपा मलिक और लक्ष्मी अग्रवाल जैसी हस्तियों की संघर्षगाथाएं इन पुरस्कारों से जुड़ी हैं। इनके जीवन से समाज को क्या संदेश मिलता है?
डॉ. बत्रा : ये तीनों व्यक्तित्व इस बात का प्रमाण हैं कि परिस्थितियां चाहे कितनी भी प्रतिकूल क्यों न हों, इच्छाशक्ति के सामने उनकी सीमाएं छोटी पड़ जाती हैं।
अरुणिमा सिन्हा को चलती ट्रेन से नीचे फेंके जाने के बाद अपना एक पैर गंवाना पड़ा। सामान्य तौर पर ऐसी दुर्घटना किसी भी व्यक्ति को पूरी तरह तोड़ सकती है, लेकिन अरुणिमा ने इसे अपनी जिंदगी का अंत नहीं बनने दिया। उन्होंने वर्ष 2013 में माउंट एवरेस्ट पर चढ़कर इतिहास रच दिया। वह दुनिया की पहली महिला दिव्यांग पर्वतारोही बनीं, जिन्होंने एवरेस्ट फतह किया। वर्ष 2014 में उन्हें हमारे पुरस्कार से सम्मानित किया गया और 2015 में पद्मश्री मिला।
दीपा मलिक को वर्ष 2012 में सम्मानित किया गया था। उन्होंने वर्ष 2016 के रियो पैरालंपिक में रजत पदक जीतकर भारत की पहली महिला पैरालंपिक पदक विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
लक्ष्मी अग्रवाल एसिड अटैक की पीड़िता हैं। उन्होंने अपने साहस से समाज की सुंदरता संबंधी पारंपरिक धारणाओं को चुनौती दी। वर्ष 2016 में लंदन फैशन वीक में उनकी उपस्थिति भी इसी आत्मविश्वास का उदाहरण थी।
इन सभी की जिंदगी में दर्द और संघर्ष जरूर रहा, लेकिन इन्होंने अपने दर्द को अपनी पहचान नहीं बनने दिया। यही इनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।

सवाल : क्या इन पुरस्कारों का उद्देश्य केवल अपनी व्यक्तिगत कठिनाइयों पर विजय पाने वाले लोगों को सम्मानित करना है या समाज के लिए काम करने वाले लोग भी इसमें शामिल हैं?
डॉ. बत्रा : बिल्कुल, हमारा उद्देश्य केवल व्यक्तिगत उपलब्धियों को सम्मानित करना नहीं है। हम उन लोगों को भी सामने लाना चाहते हैं, जिन्होंने अपने संघर्ष को दूसरों की मदद का माध्यम बनाया।
तमिलनाडु की एक महिला का उदाहरण मेरे मन में हमेशा रहता है। वह स्वयं एचआईवी से पीड़ित थीं, लेकिन सीमित संसाधनों के बावजूद लगभग 400 एचआईवी प्रभावित लोगों की मदद कर रही थीं। वह जरूरतमंदों को बिना किसी शुल्क के सहयोग देती थीं।
इसी तरह निपुण मल्होत्रा दिव्यांगजनों के अधिकारों और समान अवसरों के लिए काम कर रहे हैं। एस. शंकर रमन ने अमर सेवा संगम के माध्यम से दिव्यांग व्यक्तियों के पुनर्वास और आत्मनिर्भरता के लिए उल्लेखनीय योगदान दिया है।
मैं मानता हूं कि जब कोई व्यक्ति केवल अपने लिए नहीं, बल्कि दूसरों के लिए जीना शुरू कर देता है, तो उसके जीवन का उद्देश्य और भी बड़ा हो जाता है। दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना भी अपने आप में एक बड़ी चिकित्सा है।
सवाल : आपने अपने विजेताओं के जीवन की तुलना जापान की पारंपरिक कला ‘किंत्सुगी’ से की है। इसके पीछे क्या दर्शन है?
डॉ. बत्रा : जापान में किंत्सुगी नाम की एक पारंपरिक कला है। इसमें टूटे हुए बर्तनों को सोने से जोड़कर दोबारा सुंदर बनाया जाता है। खास बात यह है कि इसमें टूटने के निशानों को छिपाया नहीं जाता, बल्कि उन्हें ही उसकी खूबसूरती का हिस्सा बना दिया जाता है।
मुझे लगता है कि हमारे पुरस्कारों से सम्मानित होने वाले लोग भी ऐसे ही हैं। उनके जीवन में दुर्घटनाएं हुईं, बीमारियां आईं, शारीरिक नुकसान हुआ और समाज की चुनौतियों का सामना करना पड़ा, लेकिन उन्होंने अपनी दरारों को कमजोरी नहीं बनने दिया।
बल्कि उन्हीं अनुभवों ने उन्हें और मजबूत बनाया। उनकी संघर्षगाथाएं बताती हैं कि जीवन में टूटना अंत नहीं है। कई बार टूटने के बाद इंसान पहले से ज्यादा खूबसूरत व्यक्तित्व के रूप में सामने आता है।
सवाल : इन 18 वर्षों में बॉलीवुड और खेल जगत की कई बड़ी हस्तियां भी इस पहल से जुड़ी हैं। इससे पुरस्कारों को कितनी पहचान मिली?
डॉ. बत्रा : किसी भी सामाजिक पहल को व्यापक मंच देने में समाज के प्रभावशाली लोगों की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। पिछले 18 वर्षों में शाहरुख खान, ऋतिक रोशन, ऐश्वर्या राय बच्चन, महेंद्र सिंह धोनी और विद्या बालन जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों ने इस पहल को समर्थन दिया है।
वर्ष 2024 में अभिनेता सोनू सूद ने पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया, जबकि 2025 में अभिनेत्री मनीषा कोइराला ने विजेताओं का सम्मान किया। चयन प्रक्रिया में मेनका गांधी, विवेक ओबेरॉय, आर. बाल्की, राजीव बजाज जैसी प्रतिष्ठित हस्तियां भी जुड़ी रही हैं।
लेकिन मैं एक बात स्पष्ट करना चाहता हूं कि इस आयोजन की असली हस्तियां वे लोग हैं, जो अपने जीवन में असाधारण संघर्ष कर रहे हैं। फिल्मी सितारे और प्रसिद्ध व्यक्तित्व इस मंच की पहुंच बढ़ाते हैं, लेकिन सम्मान का वास्तविक केंद्र उन संघर्षशील लोगों की उपलब्धियां हैं।
सवाल : किसी गंभीर बीमारी या शारीरिक दिव्यांगता से जूझ रहे व्यक्ति के लिए सबसे बड़ी चुनौती क्या होती है? शारीरिक पीड़ा या मानसिक निराशा?
डॉ. बत्रा : दोनों ही चुनौतियां महत्वपूर्ण हैं, लेकिन मानसिक निराशा कई बार शारीरिक पीड़ा से भी अधिक कठिन हो जाती है। जब किसी व्यक्ति को गंभीर बीमारी का पता चलता है या अचानक कोई दुर्घटना उसके जीवन को बदल देती है, तो उसके सामने केवल इलाज की चुनौती नहीं होती। उसे अपने भविष्य, परिवार, सामाजिक जीवन और आत्मनिर्भरता को लेकर भी अनेक सवालों का सामना करना पड़ता है।
ऐसे समय में परिवार, मित्रों, चिकित्सकों और समाज का सहयोग बहुत जरूरी होता है। मरीज को यह महसूस होना चाहिए कि वह अकेला नहीं है और उसकी जिंदगी में अभी भी बहुत कुछ करने की संभावनाएं बाकी हैं।
इसीलिए हम ऐसे लोगों की कहानियों को राष्ट्रीय मंच देते हैं। जब कोई मरीज अरुणिमा सिन्हा या दीपा मलिक की कहानी सुनता है तो उसे लगता है कि अगर ये लोग इतनी कठिन परिस्थितियों में आगे बढ़ सकते हैं तो मैं भी अपने जीवन में उम्मीद का रास्ता खोज सकता हूं।
सवाल : आज के युवाओं के लिए इन पुरस्कारों का सबसे बड़ा संदेश क्या है?
डॉ. बत्रा : आज के युवाओं के सामने अवसर भी बहुत हैं और चुनौतियां भी। कई बार छोटी-सी असफलता या निराशा उन्हें मानसिक रूप से कमजोर कर देती है। मैं युवाओं से कहना चाहता हूं कि असफलता को जीवन का अंतिम परिणाम न समझें।
आपके पास जो क्षमताएं हैं, उनका उपयोग केवल अपने लिए नहीं, बल्कि समाज के लिए भी करें। जब आप ऐसे लोगों को देखते हैं, जिन्होंने गंभीर शारीरिक चुनौतियों के बावजूद पर्वतारोहण किया, खेलों में देश का प्रतिनिधित्व किया और सामाजिक संस्थाएं स्थापित कीं, तो आपको अपनी क्षमताओं का भी एहसास होना चाहिए।
हमें स्वयं से सवाल करना चाहिए कि हम अपने हाथों, पैरों, शरीर और दिमाग का कितना सकारात्मक उपयोग कर रहे हैं? क्या हम किसी दूसरे व्यक्ति के जीवन में बदलाव ला पा रहे हैं?
सवाल : 17 नवंबर को होने वाले 18वें समारोह से आपकी क्या अपेक्षाएं हैं? आने वाले वर्षों में इस पहल को किस दिशा में ले जाना चाहते हैं?
डॉ. बत्रा : 18वां समारोह हमारे लिए बेहद खास है। यह उन सभी लोगों के साहस, समर्पण और सकारात्मक सोच को सम्मान देने का अवसर है, जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानी।
17 नवंबर को मुंबई के एनसीपीए स्थित होमी भाभा सभागार में आयोजित होने वाले समारोह में हम ऐसी प्रेरणादायक हस्तियों को सम्मानित करेंगे, जिनकी कहानियां समाज को नई दिशा दे सकती हैं।हम चाहते हैं कि इन कहानियों का प्रभाव समारोह तक सीमित न रहे। इन्हें देश के हर हिस्से तक पहुंचना चाहिए, ताकि किसी छोटे शहर या गांव में बैठा निराश व्यक्ति भी इनसे प्रेरणा ले सके।
मेरी इच्छा है कि आने वाले वर्षों में यह पहल और व्यापक हो तथा ऐसे लोगों को भी पहचान मिले, जिनकी उपलब्धियां संसाधनों और प्रचार के अभाव में दुनिया के सामने नहीं आ पातीं।
सवाल : अंत में, उन लोगों से क्या कहना चाहेंगे जो बीमारी, दुर्घटना, दिव्यांगता या किसी व्यक्तिगत त्रासदी के कारण जिंदगी से निराश हो चुके हैं?
डॉ. बत्रा : मैं उनसे यही कहना चाहूंगा कि आपकी बीमारी, दुर्घटना या कठिन परिस्थिति आपकी पूरी पहचान नहीं है। जीवन में जो हुआ है, वह आपके भविष्य का अंतिम फैसला नहीं हो सकता।
उम्मीद इंसान की सबसे बड़ी संपत्ति है। जब तक उम्मीद जिंदा है, तब तक आगे बढ़ने की संभावना भी जिंदा है। हो सकता है कि आपकी परिस्थितियां आपके नियंत्रण में न हों, लेकिन उन परिस्थितियों का सामना किस तरह करना है, यह फैसला काफी हद तक आपके हाथ में है।
मैं अपने पुरस्कार विजेताओं से हमेशा कहता हूं कि आपने केवल कठिन परिस्थितियों में अपना जीवन बचाया ही नहीं, बल्कि हम सभी को जीने का वास्तविक अर्थ भी समझाया है।
मेरे लिए इन पुरस्कारों की सबसे बड़ी सफलता कोई ट्रॉफी, समारोह या बड़ी हस्ती की उपस्थिति नहीं है। इसकी असली सफलता उस मरीज की आंखों में लौटने वाली उम्मीद है, जो किसी विजेता की कहानी सुनकर फिर से जिंदगी से लड़ने का साहस जुटाता है।

पद्मश्री डॉ. मुकेश बत्रा : चिकित्सा से मानवता तक का सफर
पद्मश्री डॉ. मुकेश बत्रा देश के प्रतिष्ठित होम्योपैथी विशेषज्ञ, चिकित्सक और स्वास्थ्य सेवा उद्यमी हैं। वह डॉ. बत्रा हेल्थकेयर के संस्थापक हैं। लगभग पांच दशक के चिकित्सा अनुभव के दौरान उन्होंने संगठित होम्योपैथिक स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए भारत सरकार ने वर्ष 2012 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया। वर्ष 2006 में शुरू किए गए पॉजिटिव हेल्थ अवॉर्ड्स उनकी इसी मानवीय सोच का विस्तार हैं। उनका मानना है कि स्वस्थ जीवन का अर्थ केवल बीमारी से मुक्त होना नहीं, बल्कि आत्मविश्वास, उम्मीद और दूसरों के लिए कुछ करने की भावना के साथ जीना भी है।
पवन सचदेवा संपादक (दिल्ली-एनसीआर)












