एडीजी रमित शर्मा, डीआईजी अजय साहनी और एसपी अमरोहा ने मेला स्थल का किया निरीक्षण, सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण की तैयारियों का लिया जायजा
टेलीग्राम संवाद
मुरादाबाद। आगामी ऐतिहासिक राजकीय तिगरी मेला-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस महानिदेशक, बरेली जोन रमित शर्मा, डीआईजी अजय कुमार साहनी और एसपी अमरोहा ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ समीक्षा बैठक की।


बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने, घाटों की सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों ने मेला क्षेत्र की संवेदनशीलता और संभावित भीड़ के दबाव को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा संबंधी तैयारियों का आकलन किया।

इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मेला स्थल का भ्रमण कर जमीनी स्तर पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा इंतजाम, यातायात आवागमन, भीड़ के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था और घाटों पर सुरक्षा प्रबंधों को परखा गया।
एडीजी रमित शर्मा ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी योजना तैयार की जाए और यातायात व्यवस्था इस प्रकार संचालित हो कि किसी भी स्थान पर जाम अथवा अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो।

उन्होंने सभी संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने तथा सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। वरिष्ठ अधिकारियों के निरीक्षण के बाद मेला क्षेत्र में सुरक्षा एवं व्यवस्थागत तैयारियों को और प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया।












