प्लास्टिक कचरे के खिलाफ ऑक्सफोर्ड हाई स्कूल ने छेड़ी मुहिम, विद्यार्थियों को बनाया पर्यावरण संरक्षण का प्रहरी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विशेष प्रतिनिधि

टेलीग्राम संवाद, हावड़ा। प्लास्टिक प्रदूषण आज देश के सामने गंभीर पर्यावरणीय चुनौतियों में से एक बन चुका है। विशेषकर सिंगल यूज प्लास्टिक का बढ़ता इस्तेमाल पर्यावरण, मानव स्वास्थ्य और पारिस्थितिकी तंत्र के लिए खतरा बन रहा है। इस चुनौती से निपटने के लिए पश्चिम बंगाल के हावड़ा स्थित ऑक्सफोर्ड हाई स्कूल ने पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अभिनव पहल शुरू की है। विद्यालय ने प्लास्टिक कचरे के प्रभावी प्रबंधन और विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी विकसित करने के उद्देश्य से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट अभियान की शुरुआत की है।

6 नवंबर 2026 को शुरू की गई इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्लास्टिक कचरे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के साथ उन्हें इसके उचित संग्रहण और निस्तारण की प्रक्रिया से जोड़ना है। इस अभियान को ऑक्सफोर्ड हाई स्कूल और प्लास्टिक ट्रैक फाउंडेशन ने आईआईटी खड़गपुर के सहयोग से संयुक्त रूप से संचालित किया है। इसके माध्यम से पश्चिम बंगाल को प्लास्टिक मुक्त बनाने के व्यापक लक्ष्य की दिशा में योगदान देने का प्रयास किया जा रहा है।

डिजिटल तकनीक से होगी प्लास्टिक कचरे की निगरानी

अभियान की खास बात यह है कि इसमें डिजिटल तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके तहत विद्यालय ने ‘प्लास्टिक ट्रैक’ मोबाइल एप्लीकेशन की शुरुआत की है। इस ऐप के माध्यम से विद्यार्थी घरों से एकत्र किए गए सिंगल यूज प्लास्टिक की मात्रा का रिकॉर्ड रख सकेंगे और उसके संग्रहण की निगरानी भी कर सकेंगे।

अभियान में कक्षा चार से 12वीं तक के विद्यार्थियों को शामिल किया गया है। विद्यार्थी अपने घरों में उत्पन्न होने वाले सिंगल यूज प्लास्टिक कचरे को एकत्र कर विद्यालय में उपलब्ध कराए गए विशेष लिफाफों में जमा करेंगे। इस तरह घरों से निकलने वाले प्लास्टिक कचरे को इधर-उधर फेंकने के बजाय व्यवस्थित तरीके से एकत्र करने की आदत विकसित की जाएगी।

बेहतर प्रदर्शन करने वाले दस विद्यार्थियों को मिलेगा सम्मान

विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रबंधन ने प्रोत्साहन और पुरस्कार व्यवस्था भी लागू की है। अभियान के तहत सबसे अधिक मात्रा में सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र कर जमा करने वाले शीर्ष दस विद्यार्थियों को पुरस्कार और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

इस अभियान को आगे बढ़ाने में आईआईटी खड़गपुर के कैंपस एवं कम्युनिटी डेवलपमेंट के डीन प्रो. ब्रजेश कुमार दुबे, ऑक्सफोर्ड हाई स्कूल के रेक्टर एवं चेयरमैन एससी दुबे तथा प्लास्टिक ट्रैक फाउंडेशन के अजय प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके मार्गदर्शन और सहयोग से इस जागरूकता अभियान को आकार दिया गया है।

विद्यालय की प्रिंसिपल श्रीमती पी. डी. सरकार ने अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को विद्यार्थियों की दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया है। पहल का मूल संदेश है कि पर्यावरण की रक्षा केवल किसी एक संस्था या सरकार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का साझा दायित्व है। प्लास्टिक का उपयोग कम करना, उसका पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण ही स्वच्छ एवं स्वस्थ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

और पढ़ें