कृषि मंडी में दीपोत्सव से जगमगाया परिसर, 15 प्रगतिशील किसानों का सम्मान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टेलीग्राम संवाद

बरेली। कृषि उत्पादन मंडी समिति में धनतेरस के अवसर पर शुक्रवार को दीपोत्सव के जरिए किसान सम्मान, स्वच्छता और कृषि समृद्धि का संदेश दिया गया। स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पूरा मंडी परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। इस अवसर पर मंडी में अपनी उपज का कारोबार करने वाले 15 उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया गया। साथ ही पल्लेदारों और मंडी कर्मचारियों को भी उनके योगदान के लिए सम्मान दिया गया। आयोजन के माध्यम से मंडी व्यवस्था में स्वच्छता, सुविधाओं के विस्तार और किसान हितों को प्राथमिकता देने का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल ने कहा कि किसान देश की खाद्य सुरक्षा और अर्थव्यवस्था की सबसे मजबूत आधारशिला हैं। उनकी आर्थिक खुशहाली के बिना प्रदेश की समृद्धि की कल्पना नहीं की जा सकती। किसान दिन-रात मेहनत कर देश के लिए अन्न पैदा करते हैं। ऐसे में कृषि मंडियों की जिम्मेदारी है कि उन्हें अपनी उपज के विपणन के लिए स्वच्छ वातावरण, बेहतर आधारभूत सुविधाएं, पारदर्शी व्यवस्था और सम्मानजनक व्यवहार मिले।

उन्होंने बरेली कृषि मंडी की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सुविधाओं और प्रबंधन के मामले में मंडी का प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल करना गौरव की बात है। यह उपलब्धि मंडी प्रशासन, कर्मचारियों और व्यापारियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि मंडी में किसानों की सुविधा और उनकी उपज के सुचारु विपणन के लिए सभी संबंधित पक्षों को मिलकर काम करना चाहिए।

समय पर तौल, पूरा भुगतान और बेहतर सुविधाओं से संतुष्ट किसान

कार्यक्रम में मंडी समिति में अपनी कृषि उपज बेचने वाले 15 उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया गया। इस दौरान किसानों को मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना सहायता योजना, मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना और मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना की जानकारी भी दी गई।

विधायक ने किसानों से सीधे संवाद कर गेहूं, धान और गन्ना खरीद की व्यवस्थाओं तथा भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने पूछा कि क्या किसानों को सरकारी खरीद योजनाओं के तहत उपज का पूरा भुगतान समय पर मिल रहा है और कहीं किसी प्रकार की समस्या तो नहीं है। किसानों ने मंडी की व्यवस्थाओं पर संतोष जताते हुए बताया कि उन्हें उपज का पूरा भुगतान मिल रहा है और मंडी परिसर में कारोबार के दौरान किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

ग्राम तिवरिया कुमरपुर बंजरिया के अमित पटेल, सिमरा बेरीपुर के सुरजीत, खाईखेड़ा के शेर सिंह और कमुआ खुर्द के राजपाल ने मंडी की व्यवस्थाओं की सराहना की। किसानों ने बताया कि धान की समय से तौल हो रही है। मंडी परिसर में साफ-सुथरे रास्ते, ठंडे पेयजल और तीन वाटर कूलर की उपलब्धता से उन्हें काफी राहत मिली है। किसानों के मुताबिक, बेहतर व्यवस्थाओं से उपज की बिक्री के दौरान लगने वाला अनावश्यक समय और असुविधा कम हुई है।

स्वच्छता और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर रहेगा जोर

मंडी समिति के सचिव संतोष कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री और मंडी परिषद के निदेशक जितेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशों के क्रम में दीपोत्सव का आयोजन किया गया। स्वच्छ मंडी-शुभ मंडी अभियान के तहत परिसर में स्वच्छता और सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम निरंतर जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि मंडी प्रशासन की प्राथमिकता है कि किसानों को उपज की बिक्री के दौरान साफ-सुथरे रास्ते, स्वच्छ पेयजल और अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हों। प्रयास है कि किसान बिना किसी परेशानी के अपनी उपज बेचें और संतुष्ट होकर मंडी से लौटें। मंडी की व्यवस्थाओं को लगातार बेहतर बनाने के लिए प्रशासन, कर्मचारी और व्यापारियों के बीच समन्वय कायम रखा जाएगा।

विधायक को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

कार्यक्रम में कृषि उत्पादन मंडी समिति के संयुक्त निदेशक महेंद्र कुमार, उपनिदेशक प्रशासन विश्वेश्वर पवार, मंडी सचिव संतोष कुमार, लाइसेंसी आढ़ती एवं भाजपा नेता हर्षवर्धन, प्रदीप गुप्ता सहित मंडी से जुड़े कई प्रमुख लोग मौजूद रहे। मंडी प्रशासन की ओर से विधायक संजीव अग्रवाल को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।

और पढ़ें