बरेली में भीषण सड़क हादसा: खड़े ट्रक में घुसी नेपाल जा रही बस, एक की मौत, 25 घायल

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

  • धनेटा रेलवे फाटक के पास तड़के 3:30 बजे हुआ भीषण हादसा
  • दो मासूम बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर
  • हादसे के बाद ट्रक चालक फरार, पुलिस तलाश में जुटी

टेलीग्राम संवाद

बरेली। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के तेज रफ्तार और सड़क पर खड़े भारी वाहन के बीच हुई टक्कर ने भीषण हादसे का रूप ले लिया। हिमाचल प्रदेश से नेपाल जा रही यात्रियों से भरी बस धनेटा रेलवे फाटक के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 लोग घायल हो गए। घायलों में दो मासूम बच्चों समेत तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतक की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश के साथ दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।

टक्कर के बाद बस में मची चीख-पुकार, ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा

हादसा मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। बस में फंसे और घायल यात्रियों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद पुलिस, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पतालों में भेजा गया।

108 एंबुलेंस से 10 घायलों को पहुंचाया अस्पताल

हादसे की सूचना मंगलवार सुबह 3:38 बजे 108 एंबुलेंस सेवा को मिली। सूचना मिलते ही चालक दिनेश कुमार और ईएमटी प्रताप सिंह एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। 108 एंबुलेंस से 10 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जबकि 102 एंबुलेंस से एक अन्य यात्री को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित किए जाने की जानकारी है। अन्य घायलों को मीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), खिरका सीएचसी और राजश्री अस्पताल समेत अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है।

नेपाल के कई यात्री हादसे में घायल

हादसे में नेपाल निवासी कई यात्री घायल हुए हैं। मीरगंज सीएचसी में भर्ती घायलों में राम बहादुर सुनार, रतना, विमला, सुबरना, रोहित, सुधीप, संदेश, देवेश राज, अमर बहादुर, साविल और राम बहादुर समेत अन्य यात्री शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। इनमें दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।

फरार ट्रक चालक की तलाश, हादसे के कारणों की जांच

क्षेत्राधिकारी देवेश सिंह ने बताया कि यात्रियों से भरी बस सड़क पर खड़े ट्रक में पीछे से टकरा गई थी। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि ट्रक सड़क पर किस परिस्थिति में खड़ा था और दुर्घटना किन कारणों से हुई। हादसे में जान गंवाने वाले यात्री की पहचान कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।

और पढ़ें