15 स्थानों पर तैनात रहेंगी दमकल टीमें
आठ नवंबर तक अलर्ट रहेंगी दमकल टीमें, जारी हुआ ड्यूटी चार्ट
टेलीग्राम संवाद
बरेली। दिवाली पर आतिशबाजी के दौरान आग लगने की घटनाओं से निपटने के लिए अग्निशमन विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शहर से लेकर देहात तक 15 संवेदनशील स्थानों पर दमकल की गाड़ियां और फायर कर्मी तैनात रहेंगे। इसके लिए विभाग ने ड्यूटी चार्ट जारी कर दिया है। छह से आठ नवंबर तक दमकल टीमें सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्त होने तक मुस्तैद रहेंगी। आतिशबाजी की अस्थायी दुकानों पर सुरक्षा इंतजामों की निगरानी भी की जाएगी।
शहर में आठ स्थानों पर तैनात रहेंगी दमकल गाड़ियां
शहरी क्षेत्र में एमबी इंटर कॉलेज मैदान, रामलीला मैदान, इज्जतनगर थाना क्षेत्र के क्रिकेट ग्राउंड के पास, बदायूं रोड पर दूरदर्शन टावर के सामने, इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान, आईटीआई चलचित्र निगम परिसर और सीबीगंज स्थित रामपुर रोड समेत आठ स्थानों पर दमकल गाड़ियां तैनात रहेंगी। यहां मौजूद फायर कर्मी आतिशबाजी की दुकानों का निरीक्षण करेंगे। दुकानदारों को सुरक्षा मानकों का पालन कराने के साथ आग बुझाने के इंतजाम भी परखे जाएंगे।
देहात में सात जगह रहेगी फायर ब्रिगेड
ग्रामीण क्षेत्रों में बहेड़ी के रामलीला मैदान, मीरगंज नगर पंचायत कार्यालय के पीछे खाली जमीन, नवाबगंज क्षेत्र में बरेली-पीलीभीत-सितारगंज हाईवे पर निर्माणाधीन मार्ग, आंवला में परशुराम चौक के पास और फरीदपुर के सीएनएस कॉलेज रामलीला मैदान समेत सात स्थानों पर दमकल की गाड़ियां और कर्मचारी तैनात रहेंगे।मुख्य अग्निशमन अधिकारी की ओर से जारी आदेश में कर्मचारियों को निर्धारित वर्दी, हेलमेट और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए हैं। सभी टीमें फायर स्टेशन के नियंत्रण कक्ष के लगातार संपर्क में रहेंगी। आग लगने की सूचना मिलते ही नजदीकी दमकल गाड़ी को तत्काल मौके पर भेजा जाएगा। कर्मचारियों को समय से तैनाती स्थल पर पहुंचने और ड्यूटी के दौरान सतर्क रहने को कहा गया है।आदेश के अनुसार, आठ नवंबर को आतिशबाजी की दुकानें पूरी तरह बंद होने के बाद ही कर्मचारियों की ड्यूटी समाप्त होगी। इसकी सूचना ड्यूटी प्रभारी को देने के बाद ही वे तैनाती स्थल छोड़ सकेंगे।अग्निशमन अधिकारी संजीव कुमार ने बताया कि दिवाली पर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए विभाग पूरी तरह तैयार है। सभी टीमों को अलर्ट रहने और आग लगने की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।












