स्टैनफोर्ड में भारतीय टीम ने जीता पीपुल्स च्वाइस अवार्ड

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। अमेरिका की स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में छह नवंबर को आयोजित अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रतियोगिता ई-वियर-एक्स प्राइज 2026 में भारतीय शोधकर्ताओं की टीम ने देश का गौरव बढ़ाया। दुनिया के 13 चुनिंदा प्रतिभागी दलों के बीच भारतीय टीम को बायोटेक ओपन पिच श्रेणी में पीपुल्स च्वाइस अवार्ड से सम्मानित किया गया। टीम ने दृष्टिबाधित लोगों की सहायता के लिए विकसित विजनप्रो स्मार्ट चश्मे का प्रदर्शन किया, जिसे दर्शकों का विशेष समर्थन मिला।

इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में सिंगापुर, चीन, जापान की क्योटो यूनिवर्सिटी, नीदरलैंड, जर्मनी और अमेरिका की टीमों ने हिस्सा लिया। भारतीय टीम में महात्मा ज्योतिबा फुले रोहिलखंड विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभागाध्यक्ष प्रो. विनय ऋषिवाल, न्यूयॉर्क स्थित कैडर टेक लैब्स के संस्थापक मुनीर खान और देहरादून स्थित यूनिवर्सिटी ऑफ पेट्रोलियम एंड एनर्जी स्टडीज (यूपीईएस) के सहायक प्रोफेसर डॉ. मोहम्मद साकिब शामिल रहे।

टीम ने विजनप्रो नाम से स्मार्ट चश्मा विकसित किया है। इसमें लगे कैमरे की मदद से आसपास मौजूद वस्तुओं की पहचान की जा सकती है। यह किताबों, दस्तावेजों और अन्य लिखित सामग्री को पढ़कर आवाज के माध्यम से उपयोगकर्ता को सुना सकता है। इसके अलावा आसपास की वस्तुओं और परिस्थितियों की जानकारी देने के साथ कंपन के जरिये जरूरी संकेत भी देता है।

इस तकनीक का उद्देश्य दृष्टिबाधित लोगों को रोजमर्रा के कामों में अधिक स्वतंत्र और आत्मनिर्भर बनाना है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक सेंसर तकनीक से लैस यह चश्मा उनके लिए आसपास की दुनिया को समझना आसान बना सकता है।स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी में मिली इस उपलब्धि से भारतीय शोधकर्ताओं को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। वहीं, रोहिलखंड विश्वविद्यालय और बरेली के लिए भी यह गौरव का विषय है।

और पढ़ें