Breaking News

बरेली में नामचीन हकीम 20 घंटे डिजिटल अरेस्ट सूझबूझ से बच गया खाता, मामला दर्ज

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। साइबर अपराधियों ने ठगी का नया तरीका अपनाते हुए अब कानून और जांच एजेंसियों के नाम पर लोगों को डिजिटल अरेस्ट करने का जाल फैला दिया है। इसका शिकार इस बार कोतवाली क्षेत्र सर्किट हाउस चौराहा पास रहने वाले 78 वर्षीय नामचीन हकीम खुर्शीद मुराद बने। साइबर ठगों ने उन्हें करीब 20 घंटे तक एटीएस और एनआईए कार्रवाई का भय दिखाकर मानसिक दबाव में रखा। कभी गिरफ्तारी वारंट जारी होने की बात कही गई तो कभी आतंकियों को 2.5 करोड़ रुपये देने के मामले में संलिप्त होने का आरोप लगाया गया।

साइबर ठगों ने कथित आधार कार्ड और बैंक खातों के दस्तावेज दिखाकर उन्हें विश्वास दिलाने की कोशिश की कि वह गंभीर आपराधिक मामले में फंस चुके हैं। वीडियो कॉल से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी गई और परिवार के सदस्यों से बात करने तक पर पाबंदी लगा दी गई। लेकिन जब ठगों ने बैंक जाकर आरटीजीएस के माध्यम से रकम ट्रांसफर करने का दबाव बनाया तो हकीम ख़ुर्शीद को पूरे खेल पर शक हो गया।

हकीम खुर्शीद ने ठगों के निर्देशों से किसी तरह बाहर निकलकर साइबर क्राइम थाने पहुंचकर शिकायत की और लाखों-करोड़ों की संभावित ठगी से बच गए।

हकीम खुर्शीद ने एनबीटी से बातचीत करते हुए अपने दहशत भर 20 घंटे की दास्तान सुनाई। उनसे घर वालों ने पूछा क्या बात है तब उन्होंने कहा कि चक्कर आ रहे हैं। क्योंकि हकीम साहब पूरी तौर से दहशत में थे।
19 नवंबर शाम करीब सात उनके मोबाइल पर एक महिला का फोन आया। महिला ने खुद को इंस्पेक्टर बताते हुए कहा कि एटीएस अधिकारी उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद कॉल दूसरे व्यक्ति को ट्रांसफर कर दी गई। फोन पर मौजूद व्यक्ति ने बर्दी में था। उसने एटीएस अधिकारी बताते हुए दावा किया कि उनके खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी हो चुका है।
पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने पहुंचने वाली है। हालांकि, उम्रदराज होने और सामाजिक प्रतिष्ठा का हवाला देकर पहले उनसे पूछताछ करने की बात कही गई।

ठगों ने पूछताछ के नाम पर उन पर गंभीर आरोप लगाने शुरू कर दिए। उन्हें बताया गया कि उनके संबंध दो आतंकियों से हैं और हुबली पश्चिम बंगाल स्थित एक बैंक खाते के माध्यम से उन्होंने आतंकियों को 2.5 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद पहुंचाई है। आरोपों को पुख्ता दिखाने के लिए उनके नाम से कथित आधार कार्ड और बैंक खाते से जुड़े दस्तावेज भी दिखाए गए। हकीम ख़ुर्शीद ने जब हुबली जाने और वहां बैंक खाता होने से साफ इनकार किया तो ठगों ने दावा किया कि जांच एजेंसियों के पास उनके खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं।

हकीम साहब ने बताया आतंकियों से पूछताछ में भी उनका नाम सामने आने की बात कहकर उन्हें और डराया गया।
कभी एटीएस तो कभी एनआईए अधिकारी बनकर पूछताछ करते रहे।

साइबर ठगों ने पूरे मामले को वास्तविक जांच जैसा दिखाने के लिए उन्हें एनआईए वरिष्ठ अधिकारी से बात कराने का झांसा दिया। कुछ देर बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को एनआईए का अधिकारी बताते हुए बातचीत शुरू की। उसने कहा कि जांच एजेंसी फिलहाल उनके सहयोग से संतुष्ट है, इसलिए तत्काल गिरफ्तारी नहीं की जाएगी। लेकिन यदि उन्होंने पूछताछ में सहयोग नहीं किया तो उनके खिलाफ गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा सकती है।

इस दौरान ठग लगातार अपनी पहचान और पद बदलते रहे। कभी एटीएस अधिकारी तो कभी एनआईए अफसर बनकर उनसे बात की गई। हर बार नए आरोप और जांच की नई कहानी सुनाकर उन्हें मानसिक दबाव में रखा गया।

ठगों ने डॉ हकीम खुर्शीद को किसी भी बाहरी व्यक्ति से संपर्क नहीं करने की हिदायत दी। उन्हें बताया गया कि उनका मोबाइल लगातार सर्विलांस पर है और फोन बंद करने या किसी अन्य व्यक्ति से बात करने पर उनके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। यहां तक कि परिवार के सदस्यों, भाई और बेटों से बातचीत करने पर उन्हें भी मामले में आरोपी बनाने की धमकी दी गई।

ठगों ने उन्हें एक कथित दस्तावेज भेजकर पढ़ने और उसके निर्देशों का पालन करने को कहा। साथ ही कमरे को चारों तरफ से दिखाने और दरवाजा बंद रखने के निर्देश दिए, ताकि वीडियो कॉल के माध्यम से उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। करीब रात एक बजे तक उन्हें वीडियो कॉल पर निगरानी में रखा गया। इसके बाद ठगों ने कहा कि एनआईए अधिकारी जा चुके हैं और सुबह सात से नौ बजे बीच दोबारा संपर्क किया जाएगा।

इसी बीच हकीम ख़ुर्शीद बेटे ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। ठगों के निर्देशों के डर से उन्होंने मोबाइल जेब में रखकर बेटे से सामान्य बातचीत की, लेकिन उसे पूरी घटना की जानकारी नहीं दी।

अगली सुबह साइबर ठगों ने फिर संपर्क किया और बैंक खातों की जांच के नाम पर रकम के लेनदेन का हिसाब मांगा। उन्होंने नोटों के सीरियल नंबर का मिलान करने जैसी बातें कहकर ख़ुर्शीद को उलझाए रखा। इसके बाद उन्हें आरटीजीएस फॉर्म भरकर बैंक माध्यम से रकम ट्रांसफर करने का निर्देश दिया गया।

यही वह मोड़ था, जहां ख़ुर्शीद को ठगों की मंशा पर संदेह हुआ। उन्होंने सोचा कि यदि वास्तव में एटीएस या एनआईए की जांच चल रही है तो अधिकारी उनसे इस तरह बैंक जाकर आरटीजीएस के माध्यम से रकम ट्रांसफर करने के लिए क्यों कहेंगे? इसी सवाल ने उन्हें साइबर ठगी के पूरे खेल को समझने का मौका दिया।

उन्होंने तत्काल ठगों के निर्देशों का पालन करने का दिखावा किया और बैंक जाने की बात कही। इसके बाद मोबाइल फोन बंद कर परिवार के सदस्यों को पूरी जानकारी दी।

हकीम खुर्शीद परिजनों साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे, लेकिन वहां संबंधित अधिकारी उपलब्ध नहीं मिले। इसके बाद वह साइबर क्राइम थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी घटना बताई। उन्होंने ठगों की कॉल, धमकियों और आरटीजीएस के जरिये रकम ट्रांसफर कराने के दबाव की जानकारी दी।

इसी दौरान साइबर ठगों का दोबारा फोन आया। साइबर क्राइम टीम अधिकारियों ने भी उनकी बातचीत सुनी और इसके बाद हकीम का फोन बंद करा दिया। पुलिस ने मोबाइल में मौजूद कॉल रिकॉर्डिंग, ठगों की ओर से भेजे गए संदेश, कथित प्रमाणपत्रों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जानकारी जुटाई। साइबर टीम ने उन्हें आश्वस्त किया कि अब घबराने की जरूरत नहीं है और मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

करीब 20 घंटे तक जांच एजेंसियों के नाम पर गिरफ्तारी का भय दिखाकर हकीम खुर्शीद को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया। ठगों ने उनकी उम्र और कानूनी कार्रवाई के डर का फायदा उठाकर उन्हें अपने जाल में फंसाने की कोशिश की। बैंक खातों और कथित दस्तावेजों का सहारा लेकर विश्वास जीतने का प्रयास किया गया, लेकिन आरटीजीएस कराने की बात सामने आते ही उन्हें पूरे मामले पर संदेह हो गया।समय रहते परिवार और साइबर क्राइम पुलिस तक पहुंचने के कारण वह संभावित आर्थिक नुकसान से बच गए।

और पढ़ें