Breaking News

थिंक गुड फाउंडेशन का मिशन 100 करोड़ वृक्ष : एक अरब पेड़ों से हरित भारत बनाने का महाअभियान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

हमारे संपादक (दिल्ली-एनसीआर) पवन सचदेवा की थिंक गुड फाउंडेशन के पदाधिकारी गगनदीप से हुई बातचीत पर आधारित

पवन सचदेवा,
संपादक (दिल्ली-एनसीआर)

नई दिल्ली / नोएडा ।बढ़ता प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र, जल संकट और जलवायु परिवर्तन आज पूरी मानवता के सामने गंभीर चुनौती हैं। ऐसे समय में पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया ‘मिशन 100 करोड़ वृक्ष’ देशभर में अपनी गतिविधियों का विस्तार कर रहा है। थिंक गुड फाउंडेशन की इस पहल के अंतर्गत अब तक आठ लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं। अभियान का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि पौधों की देखभाल कर उन्हें बड़े वृक्षों के रूप में विकसित करना और समाज को प्रकृति के प्रति जिम्मेदार बनाना है।

मिशन से जुड़े गगनदीप से हुई विशेष बातचीत में अभियान की उपलब्धियों, विभिन्न राज्यों में उनकी चल रही परियोजनाओं और वृक्षारोपण के प्रति उनके व्यक्तिगत जुड़ाव के कई महत्वपूर्ण पहलू सामने आए।

गगनदीप के अनुसार, मिशन के अंतर्गत अब तक आठ लाख से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। देश के विभिन्न हिस्सों में 425 से अधिक परियोजनाओं के माध्यम से यह कार्य आगे बढ़ रहा है। अभियान में 3,500 से अधिक जमीनी स्वयंसेवक सक्रिय हैं और 70 से अधिक सहयोगी संस्थाएं इससे जुड़ी हैं। संस्था के प्रयासों से साढ़े तीन लाख से अधिक लोगों तक प्रत्यक्ष अथवा अप्रत्यक्ष रूप से पहुंच बनाई गई है।

थिंक गुड फाउंडेशन के संस्थापक अमित भटनागर जी हैं। इसी फाउंडेशन के अंतर्गत ‘मिशन 100 करोड़ ट्रीज़’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके संस्थापक राजीव पटेल जी हैं। गगनदीप इस मिशन से स्वेच्छा से जुड़े हुए हैं। उनके साथ भारत पेट्रोलियम से सेवानिवृत्त आशीष शर्मा, हनुमानगढ़ की टीम के सचिन और अमित तथा दिल्ली-एनसीआर से जुड़े अवधूत, शैलेश, संजीव, अमन जैन और नितिन सहित अनेक साथी अपने-अपने स्तर पर योगदान दे रहे हैं।

ग्रेटर नोएडा में कॉग्निजेंट और थिंक गुड फाउंडेशन के सहयोग से वर्ष 2024 में लगभग 100 स्वयंसेवकों ने दो हजार पौधे लगाए। इस सहयोग के माध्यम से वर्ष 2019 से विभिन्न स्थानों पर दस हजार से अधिक पौधों का रोपण किया जा चुका है। यहां पौधों की देखभाल और सिंचाई पर भी ध्यान दिया जाता है।

राजस्थान के बेहड़ाना क्षेत्र में लगभग 12 हजार पौधे लगाए गए हैं। कर्नाटक के हरिहर में आम, अमरूद और नारियल सहित दस हजार फलदार पौधों का रोपण किया गया है। इस परियोजना में वर्षा जल संचयन की संरचनाएं भी विकसित की गई हैं। राजस्थान के दौसा में आंवला और थाई सेब बेर जैसी प्रजातियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के वडजी गांव में केसर आम आधारित कृषि वानिकी परियोजना के अंतर्गत पांच हजार पौधे लगाए गए हैं और आगे 12 हजार अतिरिक्त पौधे लगाने की योजना है। वहीं अयोध्या में राम मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह से जुड़ी पहल के अंतर्गत राम वन विकसित करने के उद्देश्य से लगभग सात हजार वृक्ष लगाए गए।

मिशन के अंतर्गत ‘ट्रीज फॉर स्कूल्स – रूट्स फॉर द फ्यूचर’ कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को पौधारोपण, जल संरक्षण और प्रकृति की देखभाल के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त जन्मदिन और विवाह वर्षगांठ जैसे अवसरों पर पौधे लगाने की ‘ग्रीन सेलिब्रेशन’ पहल भी चलाई जा रही है। कृषि वानिकी, शहरी वन और मियावाकी पद्धति से सघन पौधारोपण भी अभियान के प्रमुख कार्यक्षेत्र हैं।

गगनदीप बताते हैं कि वर्ष 2017 में उन्हें वर्टिगो की समस्या हुई थी। विटामिन बी-12 और विटामिन डी की कमी के कारण मांसपेशियों में कमजोरी आई और शरीर का संतुलन बनाए रखना कठिन हो गया। चक्कर आने और सामान्य रूप से खड़े होने में परेशानी के कारण चिकित्सकों ने उन्हें वाहन चलाने से भी मना कर दिया था। कई जगह उपचार कराने के बाद भी उन्हें जल्दी राहत नहीं मिली।

इसी दौरान उनके मित्र विशाल ने उन्हें ओशो की ध्यान विधियों से परिचित कराया। ध्यान शुरू करने के बाद भीतर उठ रही ऊर्जा और भावनाओं को रचनात्मक दिशा देने की प्रेरणा मिली। संजू जी की सलाह पर उन्होंने अपनी ऊर्जा को किसी सकारात्मक कार्य में लगाने का निर्णय लिया। इसी क्रम में एक दिन उन्होंने अपनी माता जी और बेटी के साथ वर्षा के बीच नर्सरी से लाए छह-सात फॉक्सटेल पाम के पौधे लगाए। गगनदीप बताते हैं कि उस छोटे-से अनुभव ने उन्हें ऐसा आनंद दिया, जिसने उनके जीवन की दिशा बदल दी।

तब से ओशो का ध्यान, उनके विचार और वृक्षारोपण उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा बन गए। आज वे इस कार्य को केवल समाज सेवा नहीं, बल्कि अपना व्यक्तिगत प्रेम और आनंद मानते हैं। मिशन में वे सामाजिक माध्यमों के प्रबंधन, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी के जरिए सहयोग करते हैं। उनका कहना है कि पौधे लगाने वाले लोगों की तस्वीरें लेते समय उनकी मुस्कान और खुशी उन्हें भी आनंद देती है। उनके लिए यह काम किसी उपलब्धि या प्रशंसा की अपेक्षा से नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ जुड़ने की सहज अनुभूति से प्रेरित है।

गगनदीप कहते हैं कि ओशो के विचारों से प्रेरित होकर वे वृक्षारोपण के दौरान द्रष्टा भाव में रहने का प्रयास करते हैं। उनका मानना है कि प्रकृति अपने आप में विशाल और सक्षम है; मनुष्य को उसके साथ जुड़ने और उसकी सेवा करने का अवसर मिलता है। उनका अंतिम लक्ष्य अपनी चेतना को जानना और स्वयं को पहचानना है। वृक्षारोपण इस आंतरिक यात्रा का एक माध्यम बन गया है।

मिशन 100 करोड़ वृक्ष का संदेश है कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक संस्था या अभियान का काम नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रत्येक व्यक्ति अपने घर, विद्यालय, कार्यस्थल या आसपास की खाली जगह पर एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले सकता है। छोटे-छोटे प्रयास मिलकर बड़े परिवर्तन का आधार बन सकते हैं।

वेबसाइट :- www.mission100crore.com
www.thinkgoodfoundation.org

संपर्क : 9911909174, 8750605092
ई-मेल : contact@mission100crore.com

पवन सचदेवा,
संपादक (दिल्ली-एनसीआर)

नई दिल्ली / नोएडा ।सोनीपत। मिशन की टीम ने गगनदीप सिंह के नेतृत्व में सोनीपत स्थित श्री रजनीश ध्यान मंदिर पहुंचकर ओशो अनुज सदगुरू स्वामी शैलेन्द्र सरस्वती जी तथा उनकी पत्नी सदगुरू माँ अमृत प्रिया जी से मुलाकात की। टीम ने उन्हें ‘मिशन 100 करोड़ वृक्ष’ की परिकल्पना, उद्देश्यों और देशभर में चल रही गतिविधियों की जानकारी दी तथा उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

इस अवसर पर सदगुरू स्वामी शैलेन्द्र सरस्वती जी और माँ अमृत प्रिया जी ने कहा कि प्रकृति से मनुष्य का संबंध उसकी जड़ों से जुड़ा हुआ है। पेड़ हमारे जीवन के पहले संरक्षक हैं। उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का वास्तविक तरीका उन्हें लगाना, पल्लवित करना और उनकी रक्षा करना है। दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण और तेजी से बदलते शहरी स्वरूप के बीच वृक्षों का महत्व पहले से कहीं अधिक बढ़ गया है।

उन्होंने कहा कि धरती को बचाने की जिम्मेदारी केवल पर्यावरण विशेषज्ञों, सरकारों और वैज्ञानिकों तक सीमित नहीं रह सकती। बढ़ता तापमान, वायु प्रदूषण, घटते वन क्षेत्र, जल संकट और बिगड़ता प्राकृतिक संतुलन पूरी मानवता के सामने चुनौती हैं। यदि प्रत्येक नागरिक प्रकृति के संरक्षण की जिम्मेदारी उठाए, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य बनाया जा सकता है।

दोनों गुरुओं ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि पर्यावरण संरक्षण की सफलता केवल लगाए गए पौधों की संख्या से नहीं, बल्कि इस बात से तय होती है कि उनमें से कितने पौधे जीवित रहकर बड़े वृक्ष बनते हैं। इसके लिए स्थानीय जलवायु के अनुकूल प्रजातियों का चयन, नियमित सिंचाई, पौधों की सुरक्षा, वर्षा जल संचयन और स्थानीय समुदायों की भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाले कल में किसी राहगीर को छाया देगा, किसी पक्षी को आश्रय देगा और मिट्टी को मजबूती प्रदान करेगा। सनातन सभ्यता में वृक्षारोपण पुण्य का कार्य माना गया है, लेकिन लगाए गए पौधों को बड़ा करना और उनकी रक्षा करना भी प्रकृति के प्रति हमारी सच्ची जिम्मेदारी है। पौधा लगाकर कर्तव्य पूरा नहीं होता, उसकी देखभाल का संकल्प भी उतना ही आवश्यक है।

और पढ़ें