23-24 नवंबर को देशभर के पुरुष एवं महिला पहलवान दिखाएंगे दमखम, विजेताओं को मिलेगा एक लाख रुपये तक का नकद पुरस्कार; दिल्ली पुलिस के सहयोग से हो रहा है आयोजन
टेलीग्राम संवाददाता
नई दिल्ली ।भारतीय कुश्ती के महान नायक, पद्मश्री एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित स्वर्गीय मास्टर चंदगीराम की पुण्य स्मृति में आठवीं अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला चंदगीराम गोल्ड कप कुश्ती प्रतियोगिता-2026 का आयोजन 23 और 24 नवंबर को दिल्ली में किया जाएगा। चंदगीराम स्पोर्ट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट, दिल्ली द्वारा दिल्ली पुलिस के सहयोग से आयोजित इस दो दिवसीय प्रतियोगिता में देशभर के नामी पहलवानों के साथ उभरती खेल प्रतिभाएं विभिन्न भार वर्गों में अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता का आयोजन प्रह्लादपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, प्रह्लादपुर बांगर, दिल्ली में होगा। प्रतियोगिता के माध्यम से न केवल कुश्ती की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है, बल्कि महिला कुश्ती को प्रोत्साहन देने और नई पीढ़ी के पहलवानों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर भी मिलेगा।

कुश्ती जगत में अमिट पहचान छोड़ गए मास्टर चंदगीराम
मास्टर चंदगीराम का जन्म 9 नवंबर 1937 को हरियाणा के हिसार जिले के सिसाई गांव में हुआ था। उनका पूरा जीवन अनुशासन, संघर्ष, परिश्रम और कुश्ती के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण रहा। भारतीय सेना की जाट रेजीमेंट में सेवा देने के बाद उन्होंने अध्यापन कार्य भी किया। शिक्षक होने के कारण ही उनके नाम के साथ ‘मास्टर’ शब्द जुड़ गया और वे देशभर में मास्टर चंदगीराम के नाम से प्रसिद्ध हुए।
उन्होंने लगभग 21 वर्ष की उम्र में प्रतिस्पर्धात्मक कुश्ती की शुरुआत की और वर्ष 1961 में राष्ट्रीय चैंपियन बने। अपनी असाधारण शारीरिक क्षमता, तकनीक और मेहनत के बल पर उन्होंने भारतीय कुश्ती में विशिष्ट स्थान बनाया। वर्ष 1969 में उन्हें अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया तथा 1971 में भारत सरकार ने उन्हें पद्मश्री से अलंकृत किया।
उनकी अंतरराष्ट्रीय उपलब्धियों में वर्ष 1970 के बैंकॉक एशियाई खेलों का स्वर्ण पदक विशेष महत्व रखता है। उन्होंने हैवीवेट वर्ग के मुकाबले में ईरान के प्रसिद्ध पहलवान अबोलफजल अनवरी को पराजित कर भारत का गौरव बढ़ाया। वर्ष 1972 के म्यूनिख ओलंपिक में भी उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया। हिंद केसरी, भारत केसरी, भारत भीम, रुस्तम-ए-हिंद और महाभारत केसरी जैसे प्रतिष्ठित खिताब भी उनके नाम रहे।

पद्मश्री चन्दगी राम जी अपने पुत्र जगदीश कालीरमन के साथ
महिला कुश्ती को आगे बढ़ाने में निभाई ऐतिहासिक भूमिका
मास्टर चंदगीराम का योगदान केवल अपनी व्यक्तिगत खेल उपलब्धियों तक सीमित नहीं रहा। उन्होंने भारतीय कुश्ती में महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए भी उल्लेखनीय कार्य किया। वर्ष 1997 में उन्होंने दिल्ली में महिला कुश्ती प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की और अपनी बेटियों सोनिका तथा दीपिका सहित अनेक महिला पहलवानों को प्रशिक्षण देकर इस खेल में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उस दौर में जब महिला कुश्ती को सामाजिक और खेल संबंधी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ता था, उन्होंने बेटियों को अखाड़े तक लाने और उन्हें कुश्ती में अवसर दिलाने का साहसिक प्रयास किया।
वे कुश्ती पर आधारित पुस्तकों के लेखक भी रहे और खेल के साथ-साथ अभिनय के क्षेत्र में भी अपनी प्रतिभा दिखाई। उन्होंने ‘वीर घटोत्कच’ और ‘टार्जन’ जैसी फिल्मों में अभिनय किया। 29 जून 2010 को उनका निधन हो गया, लेकिन भारतीय कुश्ती के विकास और महिला पहलवानों को प्रोत्साहन देने में उनका योगदान आज भी प्रेरणास्रोत बना हुआ है।
पुरुष एवं महिला वर्ग में होंगे छह भार वर्गों के मुकाबले
ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री साहिल सराफ ने बताया कि प्रतियोगिता में यू पुरुष फ्रीस्टाइल के 65, 86 और 125 किलोग्राम भार वर्ग तथा महिला वर्ग के 53, 62 और 76 किलोग्राम भार वर्ग में मुकाबले आयोजित होंगे। सभी मुकाबले अंतरराष्ट्रीय कुश्ती महासंघ (यूडब्ल्यूडब्ल्यू) के नियमों के अनुसार होंगे।
एक लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि
प्रतियोगिता में पहलवानों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार निर्धारित किए गए हैं। पुरुषों के 65 और 86 किलोग्राम तथा महिलाओं के 53 और 62 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार 50 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 20 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले दोनों पहलवानों को 10-10 हजार रुपये दिए जाएंगे।
इसी प्रकार पुरुषों के 125 किलोग्राम और महिलाओं के 76 किलोग्राम भार वर्ग में प्रथम पुरस्कार एक लाख रुपये, द्वितीय पुरस्कार 50 हजार रुपये तथा दोनों तृतीय स्थानों के लिए 20-20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है।
23 नवंबर को वजन, 24 नवंबर तक चलेंगे मुकाबले
आयोजन द्वारा जारी किए गए कार्यक्रम के अनुसार 23 नवंबर को सुबह 8 से 10 बजे तक पहलवानों का वजन होगा। इसी दिन दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक कुश्ती मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। 24 नवंबर को सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक प्रतियोगिता के शेष मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों को दो पासपोर्ट आकार के फोटो साथ लाने होंगे। नाडा और वाडा से प्रतिबंधित पहलवानों को प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति नहीं होगी।
दिल्ली पुलिस प्रदान करेगी छह विशेष सम्मान
प्रतियोगिता के दौरान दिल्ली पुलिस की ओर से महिला एवं पुरुष वर्ग में छह श्रेणियों के विशेष सम्मान भी प्रदान किए जाएंगे। इनमें सर्वश्रेष्ठ पहलवान, सर्वाधिक तकनीकी कुशल पहलवान, सर्वाधिक आकर्षक कुश्ती प्रदर्शन करने वाले पहलवान, सर्वाधिक अनुशासित पहलवान, सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षक और सर्वश्रेष्ठ निर्णायक के सम्मान शामिल हैं।


पद्मश्री स्वर्गीय चन्दगी राम जी, के पुत्र जगदीश कालीरमन, उपाधीक्षक यू पी पुलिस, पी टी सी, मेरठ
पद्मश्री मास्टर चंदगीराम के सुपुत्र जगदीश कालीरमन निभा रहे प्रमुख भूमिका
इस आयोजन के प्रमुख आयोजक स्वर्गीय मास्टर चंदगीराम के सुपुत्र श्री जगदीश कालीरमन, पुलिस उपाधीक्षक, पीटीसी मेरठ हैं। उनके मार्गदर्शन में चंदगीराम स्पोर्ट्स वेलफेयर चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री साहिल सराफ आयोजन की तैयारियों में जुटे हैं। आयोजन में अर्जुन पुरस्कार विजेता श्री कृपाशंकर पटेल, पहलवान श्री आनंद सोलंकी, मीडिया प्रभारी श्री भूपेंद्र कुमार और मुख्य व्यवस्थापक श्री अंकुश अग्रवाल भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
आयोजकों ने देशभर के कुश्ती खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और दर्शकों से प्रतियोगिता में पहुंचकर पहलवानों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है। प्रतियोगिता का सीधा प्रसारण न्यूज44 स्पोर्ट्स के माध्यम से किया जाएगा।
मास्टर चंदगीराम के नाम पर आयोजित यह प्रतियोगिता उनकी खेल विरासत, कुश्ती के प्रति समर्पण और महिला पहलवानों को आगे बढ़ाने के उनके संकल्प को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।













