- ग्लोबल ताज फिल्म फेस्टिवल का समापन
- 15 से अधिक देशों की फिल्मों ने आगरा में बिखेरे सिनेमा के रंग
- तीन दिन तक सितारों, फिल्मकारों और कला-संस्कृति की हस्तियों का लगा जमावड़ा
- ज्ञानप्रकाश और रंजन देबनाथ समेत अंतरराष्ट्रीय कलाकार भी हुए सम्मानित
पी. कुमार
टेलीग्राम संवाद, आगरा। ताजमहल की नगरी आगरा तीन दिनों तक सिनेमा के सितारों, अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों और कला-संस्कृति की हस्तियों की चमक से रोशन रही। कहीं रुपहले पर्दे की कहानियों ने दर्शकों को भावनाओं के नए संसार से जोड़ा तो कहीं अभिनय की बारीकियों ने युवाओं को फिल्मी दुनिया के सपने साकार करने का रास्ता दिखाया। मंच पर जब बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी पहुंचीं तो पूरा माहौल तालियों और उत्साह से गूंज उठा। उनके लोकप्रिय फिल्मी गीतों पर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने पुरानी यादों को ताजा कर दिया। इसी यादगार माहौल के बीच आठवें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल (जीटीआईएफएफ-2026) Global Taj International Film festival (GTIFF-2026) का 18 नवंबर को भव्य पुरस्कार समारोह के साथ समापन हुआ। समारोह का सबसे बड़ा आकर्षण अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को प्रदान किया गया सरस्वतीबाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान रहा। तीन दिनों तक चले इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन में भारत समेत 15 से अधिक देशों की फिल्मों ने अपनी रचनात्मकता, सामाजिक सरोकारों और सांस्कृतिक विविधता का परिचय दिया।
ग्लैमर लाइव फिल्म्स एवं डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड होटल मैनेजमेंट (आईटीएचएम) के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 18 नवंबर तक विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित जेपी सभागार में आयोजित इस महोत्सव ने आगरा को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा के एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में प्रस्तुत किया। महोत्सव के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी रहे। आईटीएचएम के निदेशक प्रो. यू.एन. शुक्ला और संरक्षक रंजीत सामा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने आयोजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

पहले दिन विदेशी फिल्मी हस्तियों की मौजूदगी ने बढ़ाई महोत्सव की चमक
16 नवंबर को दीप प्रज्वलन के साथ महोत्सव Global Taj International Film festival (GTIFF-2026) का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में फ्रांस की अभिनेत्री मरीन बोर्गो, मॉस्को की फिल्म निर्देशक अलेक्जेंड्रा, इटली की गायिका मारिया, अमेरिका की अभिनेत्री कशिश अग्निहोत्री बाजपेयी, वेनेजुएला के अल्फ्रेडो तथा मुंबई की अभिनेत्री विभा रानी सहित देश-विदेश की फिल्मी हस्तियों ने सहभागिता की।
पहले दिन की मुख्य फिल्म ‘महामहिम दीदीजी मुर्मू’ का प्रदर्शन किया गया। फिल्म के निर्देशक पम्पोज मिश्रा, प्रभा मिश्रा और अभिनेत्री संपा मंडल भी उपस्थित रहीं। फिल्म के माध्यम से प्रेरणादायक जीवन यात्रा और सामाजिक सरोकारों को पर्दे पर प्रस्तुत किया गया, जिसे दर्शकों ने सराहा।उद्घाटन अवसर पर फेस्टिवल निदेशक सूरज तिवारी ने कहा कि फिल्म उद्योग अब केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं के लिए रोजगार, व्यवसाय और स्वरोजगार की व्यापक संभावनाएं भी उपलब्ध करा रहा है। अभिनय, निर्देशन, पटकथा लेखन, छायांकन, संपादन, एनीमेशन और फिल्म निर्माण की तकनीकी विधाओं में प्रतिभाशाली युवाओं के लिए अनेक अवसर हैं। महोत्सव का उद्देश्य आगरा और आसपास के क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा से जोड़ना तथा क्षेत्र में फिल्म निर्माण की संभावनाओं को प्रोत्साहित करना है।
15 देशों की फिल्मों ने दिखाई सिनेमा की विविधता, अभिनय की मास्टर क्लास बनी आकर्षण
Global Taj International Film festival (GTIFF-2026) महोत्सव के दूसरे दिन 17 नवंबर को अंतरराष्ट्रीय फिल्मों की स्क्रीनिंग का सिलसिला जारी रहा। पोलैंड, ऑस्ट्रेलिया, वेनेजुएला, स्विट्जरलैंड, इटली, जिम्बाब्वे, फ्रांस, रूस और भारत सहित 15 देशों की फिल्मों ने अलग-अलग संस्कृतियों, सामाजिक परिस्थितियों और मानवीय संवेदनाओं को पर्दे पर उतारा।दूसरे दिन का विशेष आकर्षण मुंबई से आए प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता एवं अभिनय प्रशिक्षक ज्ञानप्रकाश की मास्टर क्लास रही। फिल्म लेखक एवं निर्देशक सूरज तिवारी ने इसका संचालन किया। ज्ञानप्रकाश ने अभिनय की बारीकियों, पात्रों को समझने, भावनाओं की अभिव्यक्ति, संवाद अदायगी और कैमरे के सामने अभिनय करने के व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी।कार्यशाला में विद्यार्थियों, नवोदित कलाकारों और फिल्म निर्माण से जुड़े लोगों ने अभिनय की चुनौतियों और संभावनाओं को लेकर सवाल पूछे। ज्ञानप्रकाश ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि अभिनय केवल संवाद बोलने की कला नहीं, बल्कि पात्र की भावनाओं और परिस्थितियों को समझकर उन्हें प्रभावी ढंग से पर्दे पर जीवंत करने की प्रक्रिया है।इस दिन ‘बैक टू लाइफ’, ‘काली पन्नी’, ‘तेरे केदार में’ और रूस की फिल्म ‘देयर इज वन गॉड’ सहित कई फिल्मों का प्रदर्शन हुआ। ‘बैंड बाजा बारात’ को भी दर्शकों की सराहना मिली। कई फिल्मों के प्रदर्शन के बाद सभागार तालियों से गूंज उठा।कार्यक्रम में समाजसेवी मंगल सिंह धाकड़, अनिल अग्रवाल, के.एम. सिंघल, सतीश अरोड़ा, अंजली गोयल, संचित गोयल, कनक गौतम, मनु शुक्ला, ज़ीनत ज़ीशान, शिव प्रताप सिंह, डॉ. रेणु तिवारी रावत, बीरबल खान और डॉ. अरुण शर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक शामिल हुए। आगरा के प्राकृतिक एवं वैकल्पिक चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. पी.के. सिंह भी उपस्थित रहे।

ब्रज के लोकगीत, संगीत और सिनेमा पर हुई सार्थक चर्चा
18 नवंबर को महोत्सव के अंतिम दिन फिल्मों की स्क्रीनिंग के साथ ब्रज सिनेमा और ब्रज के गीत-संगीत पर विशेष परिचर्चा आयोजित की गई। फिल्म लेखक एवं निर्देशक सूरज तिवारी ने परिचर्चा का संचालन किया। मुंबई की प्रसिद्ध अभिनेत्री एवं वक्ता विभा रानी मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं।विभा रानी ने लोक संस्कृति और समकालीन कला के संबंधों पर अपने विचार रखते हुए कहा कि अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े रहते हुए आधुनिक कला को अपनाने में कोई विरोधाभास नहीं है।परिचर्चा में ब्रज के कलाकार बाबू गप्पी, देवकांत त्यागी, सरिता यादव, शिव प्रताप सिंह और रवि परिहार ने भी विचार रखे। इस दौरान ब्रज की सांस्कृतिक पहचान, लोकगीतों, संगीत और सिनेमा में क्षेत्रीय संस्कृति की भूमिका पर विस्तार से चर्चा हुई। दर्शकों ने भी सवाल पूछकर परिचर्चा में सक्रिय भागीदारी की।

बैंड-बाजे के साथ ममता कुलकर्णी का स्वागत, सम्मान पाकर हुईं भावुक
फिल्म फेस्टिवल के अंतिम दिन आयोजित पुरस्कार समारोह में बॉलीवुड अभिनेत्री ममता कुलकर्णी की मौजूदगी ने आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। उनका बैंड-बाजे के साथ भव्य स्वागत किया गया। इसके बाद पांच ब्राह्मणों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गणपति और मां सरस्वती का विधिवत पूजन कराया। अलीगढ़ के दुर्गा सांस्कृतिक ग्रुप ने मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. आशु रानी ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजन कला और संस्कृति को प्रोत्साहित करने के साथ कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए अंतरराष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराते हैं। उन्होंने फिल्म फेस्टिवल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।समारोह का सबसे महत्वपूर्ण और भावनात्मक क्षण तब आया, जब फेस्टिवल के संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने अभिनेत्री ममता कुलकर्णी को सरस्वतीबाई दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट सम्मान प्रदान किया। सम्मान प्राप्त करते समय ममता कुलकर्णी भावुक नजर आईं। मंच पर मौजूद देश-विदेश के अतिथियों ने भी उनका अभिनंदन किया।

ज्ञानप्रकाश और रंजन देबनाथ को लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार
पुरस्कार समारोह में मुंबई के अभिनेता एवं अभिनय प्रशिक्षक ज्ञानप्रकाश तथा रंजन देबनाथ को दादा साहेब फाल्के लाइफटाइम अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मानित किया गया। अमेरिका की अभिनेत्री कशिश बाजपेयी और फ्रांस की अभिनेत्री मरीन बोर्गो को जूरी अवॉर्ड प्रदान किए गए। मुंबई की अभिनेत्री विभा रानी को स्पीकर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। वेनेजुएला के अल्फ्रेडो कैल्डेरा को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।इसके अलावा विभिन्न श्रेणियों में चयनित फिल्मों के फिल्मकारों और प्रतिभाओं को पुरस्कार दिए गए। सम्मान वितरण में ममता कुलकर्णी के साथ अमेरिका, फ्रांस, वेनेजुएला, इटली और मॉस्को से आए अतिथियों ने भी भागीदारी की। मारिया, अलेक्जेंड्रा, मरीन बोर्गो, कशिश बाजपेयी, अल्फ्रेडो कैल्डेरा और विभा रानी सहित अन्य कलाकारों ने विजेताओं को सम्मानित किया।
अपने लोकप्रिय फिल्मी गीतों पर प्रस्तुतियां देखकर भावुक हुईं ममता
पुरस्कार समारोह में ममता कुलकर्णी की फिल्मों के लोकप्रिय गीतों पर कलाकारों की नृत्य प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहीं। कलाकारों ने उनके चर्चित फिल्मी गीतों पर प्रस्तुतियां देकर समारोह में फिल्मी यादों का रंग भर दिया। अपनी फिल्मों के गीतों पर कलाकारों को प्रस्तुति देते देखकर ममता कुलकर्णी भावुक हो गईं। वह स्वयं मंच पर पहुंचीं और कलाकारों को गले लगाकर उनका उत्साहवर्धन किया। यह भावनात्मक दृश्य समारोह के यादगार पलों में शामिल हो गया।

आयोजन में सहयोग देने वाली संस्थाओं और प्रतिनिधियों का भी सम्मान
महोत्सव को सफल बनाने में सहयोग देने वाले संस्थानों और उनके प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। इनमें मुंशी पन्ना के निदेशक नितिन गोयल, आद्यांत फाउंडेशन की डॉ. रेणु रावत तिवारी, मार्क के मंगल सिंह धाकड़, गोविन्द के दीपक अग्रवाल, ब्रज रिकॉर्ड्स के शिव प्रताप सिंह, अप्पन के के.एम. सिंघल, पूनम के सतीश अरोड़ा, मी कलेक्शन की अंजली गोयल एवं संचित गोयल, तत्त्व की कनक गौतम, मेट्रो के बीरबल खान और मोशन के डॉ. अरुण शर्मा शामिल रहे। अभिनेत्री ममता कुलकर्णी ने स्वयं इन सहयोगियों को सम्मान प्रदान किया।

युवाओं के लिए फिल्म निर्माण के नए रास्ते खोलने की पहल
तीन दिवसीय महोत्सव में फीचर फिल्म, लघु फिल्म, वृत्तचित्र, एनीमेशन और संगीत वीडियो सहित विभिन्न विधाओं की फिल्मों को मंच मिला। दर्शकों के लिए फिल्म प्रदर्शन और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया था। प्रतिदिन सुबह 10 बजे से रात 10 बजे तक जेपी सभागार में फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।समापन अवसर पर संस्थापक एवं निदेशक सूरज तिवारी ने देश-विदेश से आए अतिथियों, फिल्मकारों, कलाकारों, सहयोगी संस्थाओं और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। फेस्टिवल के संरक्षक रंजीत सामा ने अगले वर्ष भी इस आयोजन में सहभागिता का निमंत्रण दिया। सूरज तिवारी ने घोषणा की कि अगले वर्ष ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल को नए स्वरूप और नए अंदाज में आयोजित किया जाएगा।इस तरह आठवें ग्लोबल ताज इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल Global Taj International Film festival (GTIFF-2026)ने तीन दिनों तक आगरा को अंतरराष्ट्रीय सिनेमा, कला और संस्कृति के केंद्र में स्थापित किया। फिल्मी सितारों की मौजूदगी, अंतरराष्ट्रीय फिल्मों का प्रदर्शन, अभिनय प्रशिक्षण, ब्रज संस्कृति पर विमर्श और कलाकारों का सम्मान—इन सभी गतिविधियों ने महोत्सव को यादगार बना दिया। साथ ही इस आयोजन ने स्थानीय युवाओं और उभरते फिल्मकारों के सामने अंतरराष्ट्रीय सिनेमा की दुनिया से जुड़ने और अपनी प्रतिभा को वैश्विक मंच तक पहुंचाने की नई संभावनाएं भी प्रस्तुत कीं।











