Breaking News

सोशल मीडिया के ‘साइबर रण’ में अब पुलिस उतारेगी डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स की फौज-एडीजी रमित शर्मा ने संभाली कमान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टेलीग्राम संवाद

बरेली।सोशल मीडिया की ताकत अब सिर्फ लाइक, व्यूज और फॉलोअर्स तक सीमित नहीं रह गई है। यही प्लेटफॉर्म चंद मिनटों में किसी खबर को लाखों लोगों तक पहुंचाने के साथ अफवाहों और फेक न्यूज के जरिए माहौल बिगाड़ने का हथियार भी बन सकता है। डिजिटल दुनिया की इसी चुनौती को भांपते हुए बरेली जोन पुलिस ने अब सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को अपने साथ जोड़ने की रणनीति पर काम तेज कर दिया है।

सोमवार, 23 नवंबर को अपर पुलिस महानिदेशक बरेली जोन रमित शर्मा ने जोनल कार्यालय के सभागार में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स के साथ बैठक कर पुलिस और डिजिटल समुदाय के बीच सीधा संवाद स्थापित किया। बैठक का मकसद साफ था—सोशल मीडिया की पहुंच का इस्तेमाल जनहित में करना और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर फैलने वाली भ्रामक सूचनाओं के खिलाफ जागरूकता की मजबूत कड़ी तैयार करना।

बैठक में साइबर सुरक्षा, महिला एवं बाल सुरक्षा, सड़क सुरक्षा और यातायात जागरूकता जैसे संवेदनशील मुद्दों पर चर्चा हुई। खास तौर पर Information Disorder यानी सूचनाओं के अव्यवस्थित और भ्रामक प्रसार, अफवाहों तथा फेक न्यूज के खतरों को लेकर विचार साझा किए गए।

पुलिस की चिंता भी वाजिब है। सोशल मीडिया पर बिना पुष्टि के वायरल होने वाली एक पोस्ट कई बार कानून-व्यवस्था के लिए चुनौती खड़ी कर सकती है। ऐसे में डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सक्रिय लोगों की भूमिका अहम हो जाती है। एडीजी रमित शर्मा ने इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को सकारात्मक, तथ्यपरक और जनहितकारी सामग्री तैयार करने के लिए प्रेरित किया।

एडीजी ने स्पष्ट किया कि पुलिस और समाज के बीच बेहतर समन्वय के लिए डिजिटल समुदाय की सहभागिता जरूरी है। इन्फ्लुएंसर्स अपनी पहुंच के जरिए साइबर अपराध से बचाव, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन जैसे संदेश आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचा सकते हैं।

बैठक में प्रतिभागियों को उत्तर प्रदेश पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध डिजिटल फॉर्म के माध्यम से पंजीकरण कराने की जानकारी भी दी गई, ताकि इस संवाद और सहभागिता को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सके।

गौरतलब है कि बरेली जोन पुलिस इस दिशा में पहले भी पहल कर चुकी है। इसी साल मई में जोन के सभी जनपदों के सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और कंटेंट क्रिएटर्स को एक मंच पर लाने के लिए CONNECT BAREILLY ZONE INFLUENCERS MEET UP–2026 आयोजित किया गया था।

अब एडीजी रमित शर्मा की अगुवाई में इस पहल को आगे बढ़ाने की कवायद है। साफ है कि पुलिस अब केवल थानों और पारंपरिक जनसंपर्क माध्यमों तक सीमित नहीं रहना चाहती, बल्कि डिजिटल दुनिया में भी अपनी मजबूत मौजूदगी और जनसहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है।

और पढ़ें