टेलीग्राम संवाद
पीलीभीत। स्थानीय सॉलिटेयर होटल में अंतर्राष्ट्रीय इनर व्हील क्लब पीलीभीत का शपथ ग्रहण समारोह एवं शिक्षक दिवस सम्मान कार्यक्रम भव्यता के साथ आयोजित किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट 311 (बरेली) की डॉ. नीलू मिश्रा एवं विशिष्ट अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल ने क्लब की 49 वर्षों की सेवा यात्रा की सराहना करते हुए सत्र 2026-27 की नई कार्यकारिणी की घोषणा की। इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष पूनम अग्रवाल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. अनुरीता सक्सेना को कॉलर व पिन पहनाकर कार्यभार सौंपा, जबकि सचिव पद पर महिमा अग्रवाल को पिन प्रदान कर पदभार ग्रहण कराया गया। कार्यकारिणी में स्वाति अग्रवाल (कोषाध्यक्ष), पूनम चंद , मीना मल्होत्रा (एडिटर), शालिनी गुप्ता (उपाध्यक्ष), मनीषा खंडेलवाल (सह-सचिव), मोनिका बंसल तथा पुष्पा सिंह क्लब एडमिन को जिम्मेदारी सौंपी गई।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. अनुरीता सक्सेना ने आगामी वर्ष की कार्ययोजनाओं को साझा करते हुए बताया कि आंगनबाड़ी केंद्रों को गोद लेना, जय संतारी मंदिर में पिंक टॉयलेट व भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण, सौर ऊर्जा पार्क की स्थापना, दिव्यांग बच्चों को व्हीलचेयर वितरण, 15 जरूरतमंद रोगियों की डायलिसिस और मेधावी खिलाड़ियों का सम्मान क्लब की प्राथमिकता रहेगी। समारोह के दौरान शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में शिक्षिका निधि निगम, रेनू राय और वर्षा सक्सेना सहित क्लब से जुड़ी अन्य शिक्षिकाओं को पटका व उपहार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, क्लब में नए सदस्यों का स्वागत किया गया और सितंबर माह की 8 ‘बर्थडे क्वीन’ को ताज व पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में चार्टर सदस्यों कैलाश रानी छाबड़ा, लता अग्रवाल, डॉ. शोभा अरोड़ा, रामा रानी व पद्मा चंद का विशेष मार्गदर्शन रहा। अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ.पूनम चंद्रा ने किया तथा संयोजन में पूजा खंडेलवाल व अनुश्री अग्रवाल की प्रमुख भूमिका रही। इस अवसर पर पुष्पा सिंह, साधना अग्रवाल, किरण गुप्ता, उर्मिला अग्रवाल, मृदुल अग्रवाल, तलविंदर कौर, राधिका अग्रवाल, श्वेता तनेजा सहित क्लब की अनेक सदस्य उपस्थित रहीं।












