डॉ. आशीष गोयल बरेली पहुंचे, लगाई क्लास
टेलीग्राम संवाद
बरेली। प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन (यूपीपीसीएल) चेयरमैन डॉ. आशीष कुमार गोयल ने विद्युत सप्लाई और बिलिंग व्यवस्था पर समीक्षा कर निर्देश दिए। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार शाम उच्च अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उपभोक्ता संतुष्टि और निर्बाध बिजली आपूर्ति विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली ट्रिपिंग, फॉल्ट और ट्रांसफार्मर खराब होने की शिकायतों का तत्काल समाधान करने को कहा।
समीक्षा बैठक में चेयरमैन ने कहा कि बिजली आपूर्ति विश्वसनीयता बढ़ाने साथ उपभोक्ताओं को बेहतर सेवाएं मिलनी चाहिए। शहरी क्षेत्रों में लाइन लॉस और राजस्व वसूली की स्थिति समीक्षा करते हुए अधिकारियों को उपभोक्ताओं से मिलने वाले फीडबैक पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।उन्होंने बिलिंग व्यवस्था में सुधार पर भी जोर दिया।
फोटो बिलिंग का प्रतिशत बढ़ाने के साथ स्मार्ट मीटर वाले क्षेत्रों में पारदर्शी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उपभोक्ताओं की बिल संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए 1912 पोर्टल को प्रभावी बनाने और बिल सुधार कैंप लगाकर मौके पर ही समस्याओं का निस्तारण करने के निर्देश दिए।
बकाएदारों से वसूली पर सख्ती
चेयरमैन ने राजस्व वसूली बढ़ाने के लिए बकाएदार उपभोक्ताओं से संपर्क करने को विशेष ‘तकादा कॉलिंग’ अभियान चलाने निर्देश दिए गए। अधिकारियों से वसूली की नियमित निगरानी करने को कहा गया।
बकायेदारों से वसूली करने को अधिकारी करेंगे फोन
पावर कॉरपोरेशन चेयरमैन डॉक्टर आशीष गोयल ने बताया बकाया वसूली पर विभाग सख्त है। उन्होंने बताया बड़े बकायदारों से वसूली करने हेतु अधिकारी और कर्मचारी फोन करेंगे। उन्होंने बताया कि वर्टिकल व्यवस्था से लोगों को काफी राहत मिली है। 50 किलो वाट तक विद्युत सुरक्षा से अब एनओसी नहीं लेना पड़ेगा। इससे औद्योगिक क्षेत्र में फायदा होगा।
कार्यालय परिसरों को बेहतर बनाने पर जोर
चेयरमैन ने विद्युत कार्यालय जीर्णोद्धार साथ परिसरों की बाउंड्री वॉल, सुरक्षा व्यवस्था और हरियाली बढ़ाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने अधिकारियों से बिजली व्यवस्था में लगातार सुधार करते हुए उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा उपलब्ध कराने की अपेक्षा की है। बैठक में मुख्य अभियंता अखिलेश कुमार सिंह, अधीक्षण अभियंता धर्मेंद्र सिंह, ललित कुमार, अधिशासी अभियंता अंकित गंगवार, सुरेश चंद, पवन वर्मा, मनोज कुमार, आदि प्रमुख अधिकारी मौजूद रहे। चेयरमैन ने बरेली बदायूं पीलीभीत और शाहजहांपुर अधिकारियों से फीडबैक लेकर निर्देश भी दिए।













