टेलीग्राम संवाद
नोएडा।अपना घर आश्रम, सेक्टर-34, नोएडा में बुधवार को प्रभुजनों के साथ हरियाली तीज का पावन पर्व हर्षोल्लास, उमंग और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आश्रम में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर प्रभुजनों को तीज के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया गया तथा महिलाओं के जीवन में इस पर्व की विशेष भूमिका पर प्रकाश डाला गया।

हरियाली तीज के अवसर पर आश्रम में प्रभुजनों के लिए विशेष रूप से मेहंदी, चूड़ियों और श्रृंगार की व्यवस्था की गई। प्रभुजनों ने उत्साहपूर्वक पारंपरिक परिधान एवं श्रृंगार के साथ तीज का आनंद लिया। इसके बाद तीज के पारंपरिक एवं मधुर गीतों पर प्रभुजनों ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया और एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा कीं। इस दौरान पूरे आश्रम का वातावरण प्रेम, अपनत्व, उमंग और उल्लास से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में आश्रम के अध्यक्ष श्री नानू राम जिंदल, रंजन गुप्ता, शालू गोयल सोनू राणा, नरेश अग्रवाल शालिनी सिंह एवं सुमन लखोटिया सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति और सेवासाथी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रभुजनों के साथ समय बिताकर उनका उत्साहवर्धन किया और पर्व की खुशियां साझा कीं।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि भारतीय संस्कृति में तीज केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि प्रेम, सौहार्द, पारिवारिक भावनाओं और महिला शक्ति का प्रतीक भी है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य समाज से दूर हो चुके असहाय लोगों को अपनत्व, सम्मान और खुशियों का अनुभव कराना है।

आश्रम प्रबंधन के निरंजन गुप्ता ने बताया कि अपना घर आश्रम, नोएडा एक परोपकारी एवं सेवाभावी संस्था है, जो बेघर, लावारिस, बीमार और असहाय महिलाओं की सेवा एवं देखभाल के लिए समर्पित है। आश्रम में बेसहारा महिलाओं को आश्रय, भोजन, वस्त्र, व्यक्तिगत देखभाल तथा नि:शुल्क चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाती है। गंभीर रूप से बीमार महिलाओं के उपचार, घावों की देखभाल और उनकी दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति का भी विशेष ध्यान रखा जाता है।

हरियाली तीज का यह आयोजन प्रभुजनों के चेहरों पर मुस्कान और उनके जीवन में खुशियों के रंग भरने वाला यादगार अवसर बना। सेवासाथियों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद एवं बेसहारा लोगों के साथ पर्वों की खुशियां साझा करना ही सच्ची मानव सेवा और संवेदना का परिचायक है।










