नई दिल्ली में शिष्टाचार भेंट के दौरान राज्य की वर्तमान स्थिति
जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन
संसद भवन में राज्यपाल संतोष गंगवार की उपराष्ट्रपति और अमित शाह से मुलाकात
टेलीग्राम संवाद
नई दिल्ली। झारखंड के राज्यपाल एवं बरेली से कई बार सांसद तथा केंद्र सरकार में मंत्री रह चुके संतोष कुमार गंगवार ने सोमवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान झारखंड की वर्तमान परिस्थितियों, विकास की प्राथमिकताओं, सुशासन को और अधिक प्रभावी बनाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन पर विस्तार से चर्चा हुई। दोनों नेताओं के बीच केंद्र और राज्य के बीच समन्वय को मजबूत बनाने तथा विकास की गति तेज करने से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी गंभीर विचार-विमर्श किया गया।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने प्रधानमंत्री को झारखंड की प्रशासनिक एवं विकासात्मक आवश्यकताओं से अवगत कराया। उन्होंने राज्य में चल रही प्रमुख योजनाओं, जनहित से जुड़े मुद्दों और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी साझा करते हुए विभिन्न क्षेत्रों में केंद्र सरकार के सहयोग की अपेक्षाओं पर भी चर्चा की। प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप राज्यों में विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सुशासन को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया।

बैठक में इस बात पर भी सहमति बनी कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पहुंचे। प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनहितकारी कार्यक्रमों के बेहतर क्रियान्वयन के लिए निरंतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बरेली की जनता के बीच लंबे समय तक जनप्रतिनिधि रहे संतोष गंगवार वर्तमान में झारखंड के राज्यपाल के रूप में अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं। राजनीतिक और प्रशासनिक जानकार इस मुलाकात को झारखंड के विकास, सुशासन और केंद्र-राज्य संबंधों को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मान रहे हैं।

संसद भवन में राज्यपाल संतोष गंगवार की उपराष्ट्रपति और अमित शाह से मुलाकात
राष्ट्रहित, सुशासन और सहकारिता के मुद्दों पर हुई महत्वपूर्ण चर्चा
नई दिल्ली। झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने संसद भवन, नई दिल्ली में उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान राष्ट्रहित, सुशासन, जनकल्याण तथा समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने लोकतांत्रिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय और जनसेवा के प्रति साझा प्रतिबद्धता को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
इसके बाद राज्यपाल ने केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से भी शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान सहकारिता क्षेत्र के विस्तार, जनहित से जुड़े मुद्दों तथा “सहकार से समृद्धि” अभियान को गति देने पर विचार-विमर्श हुआ। राज्यपाल ने सहकारिता आंदोलन को सशक्त बनाने में केंद्र सरकार के प्रयासों की सराहना की।
इन दोनों उच्चस्तरीय मुलाकातों को संवैधानिक संस्थाओं और केंद्र सरकार के बीच बेहतर समन्वय, प्रभावी सुशासन तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।













