बरेली सहित 50 से अधिक विद्यालयों में आयोजित हुए जागरूकता कार्यक्रम, सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति किया प्रेरित
टेलीग्राम संवाद
बरेली। विश्वास और सेवा के 119 गौरवशाली वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बैंक ऑफ बड़ौदा ने स्थापना दिवस को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए व्यापक साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इसी क्रम में बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस पर जोनल कार्यालय, बरेली के सहायक महाप्रबंधक एवं जोनल गवर्नमेंट बिजनेस हेड श्री सोरन सिंह ने बैंक ऑफ बड़ौदा बरेली सिटी रीजनल ऑफिस तथा इज्जतनगर शाखा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ क्रिएथिक्स पब्लिक स्कूल का भ्रमण किया।

कार्यक्रम के दौरान कक्षा 10, 11 एवं 12 के विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन वित्तीय लेन-देन और साइबर ठगी से बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क रहने, किसी भी अनजान लिंक या ओटीपी साझा न करने तथा सुरक्षित बैंकिंग व्यवहार अपनाने का संदेश दिया।
जागरूकता सत्र में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और साइबर अपराधों से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप चॉकलेट वितरित की गई, जिससे यह सत्र शिक्षाप्रद होने के साथ-साथ प्रेरणादायक भी रहा।

इस अवसर पर बैंक अधिकारियों ने कहा कि बैंक ऑफ बड़ौदा का उद्देश्य केवल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि समाज को डिजिटल रूप से जागरूक और वित्तीय रूप से सुरक्षित बनाना भी है, ताकि आज का जागरूक विद्यार्थी भविष्य में जिम्मेदार और साइबर-सुरक्षित नागरिक बन सके।

इसी अभियान के अंतर्गत बैंक ऑफ बड़ौदा, बरेली सिटी रीजन की विभिन्न शाखाओं द्वारा क्षेत्रीय प्रमुख श्री बिशम्भर दत्त के कुशल मार्गदर्शन में 50 से अधिक विद्यालयों में साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से हजारों विद्यार्थियों को सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। वहीं आंचल प्रमुख श्री प्रतीक अग्निहोत्री के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में बरेली अंचल के विभिन्न क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए गए।














