बिजली शिकायतों में लापरवाही पड़ेगी भारी, अधिकारी फोन उठाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टेलीग्राम संवाद

लखनऊ। नवागत प्रबंध निदेशक संदीप भागिया ने कहा है बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कड़ा एक्शन लिया जाएगा। मध्यांचल विद्युत वितरण निगम प्रबंध निदेशक संदीप भागिया ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि टोल फ्री नंबर 1912 पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध और वास्तविक निस्तारण अनिवार्य होगा। बिना समाधान किए शिकायतों को फर्जी तरीके से बंद दिखाने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई होगी।

मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में एमडी ने कहा कि उपभोक्ताओं को गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी बिजली सेवा उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही या फर्जी रिपोर्टिंग अब बर्दाश्त नहीं होगी।

उन्होंने बताया कि कई मामलों में जनप्रतिनिधियों द्वारा भेजी गई शिकायतों का भी समाधान नहीं किया गया। ऐसे मामलों की जांच कराई जा रही है और रिपोर्ट मिलने बाद दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई तय है।

उपभोक्ताओं को गलत बिजली बिल, खराब मीटर, नए बिजली कनेक्शन तथा सोलर कनेक्शन से जुड़ी तकनीकी समस्याओं से राहत दिलाने के लिए विभाग नियमित समीक्षा कर रहा है। इन सभी शिकायतों का प्राथमिकता आधार पर समाधान कराया जाएगा।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बढ़ रही बिजली मांग को देखते हुए नए उपकेंद्रों की क्षमता बढ़ाई जाएगी। साथ ही जर्जर बिजली तारों और पुराने खंभों को बदलने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि फॉल्ट की घटनाओं में कमी आए और निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित हो सके।

उन्होंने बताया प्रत्येक माह मध्यांचल निगम मुख्यालय पर विशेष समाधान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नए कनेक्शन, गलत बिलों का संशोधन, लोड बढ़ाने, खराब मीटर बदलने और अन्य उपभोक्ता समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा अमौसी जोन मोहनलालगंज और मलिहाबाद क्षेत्र में नए कार्यालय खोलने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।

बिजली चोरी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लेसा और विजिलेंस की संयुक्त टीम संवेदनशील इलाकों में सघन अभियान चलाएगी। होटल, रेस्टोरेंट, हॉस्टल, नर्सिंग होम और औद्योगिक प्रतिष्ठानों की विशेष जांच की जाएगी। कटिया डालकर अवैध रूप से ई-रिक्शा चार्ज करने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

उन्होंने कहा उपभोक्ता संतुष्टि हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।बिजली सेवाओं में पारदर्शिता, जवाबदेही और उपभोक्ता संतुष्टि सुनिश्चित करने के लिए निगम स्तर पर लगातार निगरानी और समीक्षा की जा रही है। उनका स्पष्ट संदेश है कि हर शिकायत का निष्पक्ष, वास्तविक और समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा तथा लापरवाही करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

और पढ़ें