उद्योगों को नई उड़ान देने उतरा बैंक ऑफ बड़ौदा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली में ‘कस्टमर आउटरीच प्रोग्राम’ के जरिए उद्यमियों को दी गई ऋण योजनाओं और वित्तीय सहयोग की विस्तृत जानकारी

बरेली। उद्योग एवं व्यापार जगत को मजबूत वित्तीय सहयोग प्रदान करने की दिशा में बैंक ऑफ बड़ौदा ने एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए शुक्रवार को बरेली में भारत सरकार द्वारा प्रायोजित “Emergency Credit Line Guarantee Scheme (ECLGS)-5.0” के अंतर्गत ‘कस्टमर आउटरीच प्रोग्राम’ का सफल आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य क्षेत्र के उद्यमियों को बैंक की विभिन्न ऋण एवं वित्तीय योजनाओं की जानकारी देना तथा उनकी व्यावसायिक आवश्यकताओं को समझते हुए बेहतर बैंकिंग समाधान उपलब्ध कराना रहा।
कार्यक्रम में बरेली के प्रमुख उद्योगपतियों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों तथा उद्यमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। बैंक अधिकारियों ने उपस्थित उद्यमियों के साथ विस्तृत संवाद करते हुए ECLGS-5.0 योजना की उपयोगिता, व्यवसाय विस्तार की संभावनाएं, कार्यशील पूंजी की जरूरतों तथा बैंक द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न ऋण विकल्पों पर विस्तार से चर्चा की।
इस अवसर पर बैंक ऑफ बड़ौदा के महाप्रबंधक एवं अंचल प्रमुख प्रतीक अग्निहोत्री ने कहा कि बैंक उद्योग एवं व्यापार क्षेत्र की प्रगति के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि उद्यमियों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप त्वरित, सरल और प्रभावी बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराना बैंक की प्राथमिकता है। उन्होंने ECLGS-5.0 योजना को उद्योगों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि यह योजना व्यवसायों को वित्तीय स्थिरता प्रदान करने के साथ-साथ उनके विस्तार में भी सहायक सिद्ध होगी।
कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह, देवराज बंसवाल, सहायक महाप्रबंधक शैलेश कुमार, बरेली सिटी क्षेत्र के क्षेत्रीय प्रमुख बिशम्भर दत्त तथा उप क्षेत्रीय प्रमुख संतोष कुमार गुप्ता सहित बैंक के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उद्योगपतियों ने बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय प्रक्रियाओं से जुड़े अपने सुझाव एवं विचार भी साझा किए। बैंक अधिकारियों ने इन सुझावों का स्वागत करते हुए भरोसा दिलाया कि ग्राहकों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए बैंक निरंतर प्रयासरत रहेगा।कार्यक्रम का समापन उपस्थित अतिथियों, उद्योगपतियों एवं व्यापार जगत के प्रतिनिधियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।

और पढ़ें