लखनऊ में हुई केंद्रीय कार्यकारिणी बैठक में हुआ निर्वाचन
टेलीग्राम संवाद
बरेली। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) के वर्ष 2026-27 के लिए बरेली के वरिष्ठ उद्योगपति दिनेश गोयल को फिर सर्वसम्मति से राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया है। लखनऊ में आयोजित केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक में निर्वाचन परिणाम घोषित होते ही प्रदेशभर के उद्यमियों में उत्साह की लहर है।
इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की केंद्रीय कार्यकारिणी समिति की बैठक शनिवार को लखनऊ में आयोजित हुई, जिसमें वर्ष 2026-27 के लिए संगठन की नई कार्यकारिणी के निर्वाचन परिणाम घोषित किए गए। निर्वाचन अधिकारी की तरफ से जारी परिणाम के अनुसार बरेली के वरिष्ठ उद्योगपति एवं उद्योग हितों के मुखर प्रतिनिधि दिनेश गोयल को सर्वसम्मति से दोबारा आईआईए का राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित किया गया। उनके दोबारा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की घोषणा के बाद लखनऊ में मौजूद प्रदेशभर के उद्यमियों ने खुशी व्यक्त की और उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर बधाई दी। वाराणसी, कानपुर, लखनऊ, गाजियाबाद, मेरठ, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, नोएडा समेत विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों से आए उद्यमियों ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया। नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश को देश का अग्रणी औद्योगिक प्रदेश बनाने के लिए आईआईए लगातार काम करती रहेगी। उन्होंने कहा कि नए उद्योगों की स्थापना, निवेश को बढ़ावा, रोजगार सृजन और औद्योगिक आधारभूत संरचना के विकास को गति देना संगठन की प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और आईआईए उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करती रहेगी। साथ ही उद्योग हितों से जुड़े मुद्दों को शासन और प्रशासन तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने का कार्य भी जारी रहेगा।उनके पुनः राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन मयूर धीरवानी, सचिव रजत मेहरोत्रा, कोषाध्यक्ष आशीष गुप्ता, सीईसी सदस्य विमल रिवाड़ी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज गोयल, राष्ट्रीय सचिव तनुज भसीन, मंडलीय सचिव मनोज पंजाबी सहित अनेक उद्योगपतियों ने बधाई दीं।













