राजश्री मेडिकल कॉलेज में आयुष्मान मरीज से वसूली

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टेलीग्राम संवाद
बरेली। आयुष्मान भारत योजना तहत मुफ्त इलाज व्यवस्था को धता बताते हुए मरीज के परिजनों से कथित अवैध वसूली करने के मामले में राजश्री मेडिकल कॉलेज घिर गया है। जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद कार्यदायी संस्था ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को कड़ी चेतावनी जारी करते हुए मरीज के परिजनों को रुपये वापस करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही दोबारा ऐसी शिकायत मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है। समाचार सोशल मीडिया पर वायरल है। टेलीग्राम संवाद इसकी पुष्टि नहीं करता है।

उत्तराखंड निवासी सायरा को 07 मई को उपचार के लिए राजश्री मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। बताते हैं कि मरीज आयुष्मान कार्ड धारक थी और उसके उपचार के लिए योजना के तहत 48 हजार रुपये का प्री-अप्रूवल जारी हो चुका था। हालांकि स्थिति गंभीर होने के कारण मरीज का ऑपरेशन नहीं हो सका और 12 मई को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि आयुष्मान कार्ड होने के बावजूद मेडिकल कॉलेज में उनसे नकद रुपये लिए गए, लेकिन कोई रसीद नहीं दी गई। मरीज के परिजनों ने वसूली का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया था।

जांच में वीडियो बना साक्ष्य
शिकायत मिलने पर मामले की जांच कराई गई। जांच समिति के समक्ष राजश्री मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने दावा किया कि मरीज के परिजनों से कोई धनराशि नहीं ली गई और आयुष्मान योजना के तहत मिले 48 हजार रुपये भी वापस कर दिए गए हैं, लेकिन वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों ने अस्पताल के दावे की पोल खोल दी। जांच रिपोर्ट में वसूली की पुष्टि होने के बाद कार्यदायी संस्था की राज्य शिकायत अधिकारी वंदिता सिंह के निर्देश पर मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को चेतावनी पत्र जारी किया गया। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मरीज के तीमारदारों से ली गई रकम तत्काल वापस की जाए।

कार्यदायी संस्था ने साफ किया है कि आयुष्मान योजना के लाभार्थियों से किसी भी प्रकार की अवैध वसूली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि भविष्य में इस तरह की शिकायत दोबारा सामने आई तो राजश्री मेडिकल कॉलेज के खिलाफ और अधिक कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। आयुष्मान योजना नाम पर वसूली इस मामले ने एक बार फिर निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था को भी कठघरे में ला खड़ा किया है।

और पढ़ें