टेलीग्राम संवाद
पीलीभीत। श्रीधाम वृंदावन में भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दो दिवसीय ‘व्यापारी शंखनाद समागम’ ऐतिहासिक सफलता के साथ संपन्न हुआ। इस महासमागम में पीलीभीत जनपद का प्रतिनिधित्व जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें व्यापारियों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर मुखर आवाज उठाई गई। समागम में मुख्य रूप से जीएसटी के सरलीकरण, ऑनलाइन कंपनियों की मनमानी पर रोक, इंस्पेक्टर राज की समाप्ति और मंडी शुल्क में एकरूपता जैसे ज्वलंत मुद्दों पर गहन मंथन किया गया। पीलीभीत के व्यापारियों ने स्थानीय निकायों द्वारा होने वाले उत्पीड़न और व्यापारिक सुगमता की राह में आने वाली बाधाओं को प्रभावी ढंग से राष्ट्रीय मंच पर रखा।
समागम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष सुनील सिंघवी ने व्यापारियों को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बताया और कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार व्यापारियों के सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबूलाल गुप्ता और प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा ने घोषणा की कि समागम के दौरान प्राप्त सुझावों के आधार पर एक ‘व्यापारी मांग-पत्र’ तैयार किया जाएगा, जिसे जल्द ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सौंपा जाएगा। जिला अध्यक्ष अर्जुन सिंह टहलानी ने बताया कि इस समागम में पीलीभीत की उपस्थिति ने संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाया है।

राष्ट्रीय कल्याण बोर्ड के सदस्य एवं प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता ने समागम के दौरान भविष्य की रणनीति साझा करते हुए पीलीभीत के व्यापारियों के लिए एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने बताया कि आगामी 31 मई 2026, रविवार को बरेली में मंडल स्तरीय युवा व्यापारी ‘प्रशिक्षण शिविर’ एवं सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में पीलीभीत जनपद से सैकड़ों की संख्या में युवा व्यापारी अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे, ताकि जिले में व्यापारिक एकता को और मजबूती प्रदान की जा सके। इस दो दिवसीय कार्यक्रम में पीलीभीत से जिला महामंत्री स्वतंत्र देवल, पीयूष अग्रवाल और नगर अध्यक्ष (युवा) प्रतीक सक्सेना सहित कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे।













