टेलीग्राम संवाद
पीलीभीत। आगामी जनगणना-2027 को पारदर्शी और सटीक बनाने के उद्देश्य से शासन द्वारा चलाए जा रहे 15 दिवसीय ‘स्व-गणना’ अभियान के आठवें दिन आज विकासखंड मरौरी में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में डिजिटल माध्यम से डेटा संकलन को सुदृढ़ करने पर जोर दिया गया। कार्यशाला के दौरान उपस्थित समस्त ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न समूहों के सदस्यों ने आधिकारिक ‘स्व-गणना पोर्टल’ पर अपनी सूचनाएं दर्ज कराईं।
समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने कहा कि स्व-गणना पोर्टल पर स्वयं का विवरण दर्ज करना भविष्य की योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में अत्यंत सहायक सिद्ध होगा। उन्होंने उपस्थित कर्मियों से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में ग्रामीणों को इस डिजिटल प्रक्रिया के प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री/मुख्यमंत्री आवास योजना, आयुष्मान भारत और मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना जैसी जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा भी की और निर्देश दिए कि इन योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक सुनिश्चित किया जाए।
अभियान के तहत स्वयं सहायता समूहों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, पंचायत सहायकों, ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, आशा बहुओं और मनरेगा कार्डधारकों सहित विभिन्न विभागों के कर्मियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सभ्यता वर्मा, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.), जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा और खंड विकास अधिकारी मरौरी सहित अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों को पोर्टल के सुरक्षित उपयोग और डेटा की गोपनीयता बनाए रखने के संदर्भ में भी आवश्यक तकनीकी जानकारी दी गई।













