थाना प्रभारियों को एसपी की चेतावनी— हर हाल में कायम रहे कानून व्यवस्था
अमिताभ अग्निहोत्री
टेलीग्राम संवाद,पीलीभीत। जनपद में कानून व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं चुस्त-दुरुस्त बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस लाइन सभागार में सैनिक सम्मेलन एवं अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को साफ संदेश दिया गया कि अपराधियों के खिलाफ किसी भी स्तर पर नरमी नहीं बरती जाएगी, जबकि आगामी जनगणना-2027 को लेकर भी पुलिस प्रशासन अभी से सतर्क और सक्रिय रहेगा।
बैठक की शुरुआत सैनिक सम्मेलन से हुई, जिसमें पुलिस अधीक्षक ने पुलिस कर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि पुलिस बल बेहतर मनोबल के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर सके।
इसके बाद आयोजित अपराध समीक्षा गोष्ठी में जनपद के सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों के साथ अपराध नियंत्रण की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश देते हुए गौकशी, मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ व्यापक अभियान चलाने को कहा। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ऐसे मामलों में संलिप्त अपराधियों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और उनके खिलाफ प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाए।

बैठक में आगामी जनगणना-2027 को भी विशेष रूप से संवेदनशील विषय माना गया। पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनगणना के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने की तैयारियां अभी से शुरू कर दी जाएं, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न हो।
महिला एवं बाल अपराधों से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने आईटीएसएसओ पोर्टल पर लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण और आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण समाधान पर विशेष जोर दिया। उन्होंने चेतावनी दी कि शासन और पुलिस मुख्यालय से प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या शिथिलता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए भी बैठक में महत्वपूर्ण निर्देश दिए गए। सभी थाना प्रभारियों से कहा गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों के व्यापारियों और दुकानदारों के साथ संवाद स्थापित करें तथा प्रतिष्ठानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने की व्यवस्था सुनिश्चित कराएं। साथ ही प्रमुख चौराहों, बाजारों और वित्तीय संस्थानों के आसपास अतिरिक्त कैमरे लगवाने पर भी जोर दिया गया।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, वन एवं वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय निदेशक भारत कुमार डीके, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री नताशा गोयल सहित जनपद के सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।










