अमिताभ अग्निहोत्री
टेलीग्राम संवाद, पीलीभीत। जनपद में वन्यजीवों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। ऐसे हालात में वन विभाग की टीमें पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ रेस्क्यू अभियान चला रही हैं। ताजा मामला पीलीभीत टाइगर रिजर्व (पीटीआर) की पीलीभीत रेंज के मरौरी सेक्शन का है, जहां रेलवे स्टेशन तिराहे के पास एक नर चीतल अचानक भटककर एक दुकान के अंदर जा घुसा। दुकान में चीतल को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभागीय निदेशक (डीएफओ) भारत कुमार डीके के निर्देश पर डिप्टी रेंजर शेर सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने काफी मशक्कत के बाद चीतल को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

रेस्क्यू के बाद वन विभाग द्वारा चीतल का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। चिकित्सकीय जांच में पूरी तरह स्वस्थ पाए जाने पर उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुसार उसे उसके प्राकृतिक आवास में सुरक्षित छोड़ दिया गया।
डिप्टी रेंजर शेर सिंह ने बताया कि वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर विभाग लगातार सतर्क है और गश्त बढ़ाई गई है। आबादी क्षेत्रों में पहुंचने वाले वन्यजीवों को बिना किसी नुकसान के सुरक्षित जंगल तक पहुंचाना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्टेशन रोड जैसे व्यस्त इलाके से चीतल का सुरक्षित रेस्क्यू करना विभाग के लिए बड़ी सफलता है।
गौरतलब है कि पिछले 48 घंटों में वन विभाग की टीम लगातार सक्रिय बनी हुई है। इससे पहले मोहल्ला मोहम्मद फारूक इलाके से भी एक घायल हिरण का रेस्क्यू किया गया था। वन विभाग की निगरानी में उसका उपचार कराया गया और स्वस्थ होने के बाद उसे भी प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।
वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और संवेदनशील कार्यशैली की स्थानीय नागरिकों व वन्यजीव प्रेमियों ने सराहना की है।










