विशेष प्रतिनिधि
टेलीग्राम संवाद, मुंबई। बैंक ऑफ बड़ौदा ने 31 मार्च 2026 को समाप्त चौथी तिमाही और पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के वित्तीय परिणामों की घोषणा करते हुए शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। बैंक ने वित्त वर्ष 2026 में पहली बार 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक का शुद्ध लाभ हासिल किया है।
बैंक के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति इक्विटी शेयर 8.5 रुपये (प्रति शेयर अंकित मूल्य 2 रुपये का 425 प्रतिशत) लाभांश देने की सिफारिश की है, जो आवश्यक स्वीकृतियों के अधीन होगी।
बैंक ने बताया कि 31 मार्च 2026 तक उसका वैश्विक कारोबार 30 लाख करोड़ रुपये के ऐतिहासिक स्तर को पार कर गया। मार्च तिमाही में बैंक का शुद्ध लाभ 11.2 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 5,616 करोड़ रुपये रहा, जो अब तक का सर्वाधिक तिमाही लाभ माना जा रहा है। वहीं पूरे वित्त वर्ष के दौरान बैंक का कुल शुद्ध लाभ 20,021 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
तिमाही के दौरान परिचालन लाभ में भी मजबूती देखने को मिली। यह सालाना आधार पर 11.5 प्रतिशत बढ़कर 9,069 करोड़ रुपये हो गया। पूरे वित्त वर्ष 2026 में परिचालन लाभ 32,259 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) में भी वृद्धि दर्ज की गई। मार्च तिमाही में यह 8.7 प्रतिशत बढ़कर 12,494 करोड़ रुपये रही, जबकि पूरे वित्त वर्ष में शुद्ध ब्याज आय 47,682 करोड़ रुपये तक पहुंच गई, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.5 प्रतिशत अधिक है।
हालांकि, तिमाही के दौरान परिचालन व्यय 8.7 प्रतिशत घटकर 7,391 करोड़ रुपये रहा। वहीं पूरे वित्त वर्ष 2026 में परिचालन व्यय 31,180 करोड़ रुपये दर्ज किया गया, जो सालाना आधार पर 4.4 प्रतिशत अधिक रहा।












