टेलीग्राम संवाद
बरेली।जनपद के भमोरा थाना क्षेत्र में तेज आंधी और बारिश के बीच एक ऐसा हादसा सामने आया, जिसने लोगों को हैरान कर दिया। ग्राम बबियाना में बारातघर की उड़ती टीननुमा चादर को रोकने की कोशिश एक अधेड़ व्यक्ति पर भारी पड़ गई। तेज हवाओं के थपेड़ों के बीच वह चादर के साथ हवा में कई फीट तक उड़ गया और दूर खेत में जा गिरा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

जानकारी के अनुसार, गांव निवासी नन्हे पुत्र वहीद अंसारी (करीब 50 वर्ष) बुधवार को गांव में बने बारातघर के पास खड़े थे। इसी दौरान अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज हवाओं के चलते बारातघर की चादर उड़ने लगी। चादर को संभालने के प्रयास में नन्हे ने उससे जुड़ा लोहे का पाइप पकड़ लिया, लेकिन हवाओं का दबाव इतना अधिक था कि वह खुद भी चादर के साथ हवा में उठ गए।
देखते ही देखते नन्हे कई फीट दूर खेत में जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें संभाला। बताया जा रहा है कि उनके हाथ में फ्रैक्चर होने के कारण प्लास्टर चढ़ाया गया है और फिलहाल उनका उपचार घर पर चल रहा है।



घटना के वायरल वीडियो ने इलाके में सनसनी फैला दी है। वीडियो में तेज आंधी की भयावहता साफ दिखाई दे रही है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ ही सेकंड में पूरा मंजर बदल गया और लोग दहशत में आ गए। मौसम के अचानक बदले तेवरों ने एक बार फिर प्रशासनिक तैयारियों और सार्वजनिक भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।












