अंतरराष्ट्रीय खाद्य मंच पर छाएगा बीएल एग्रो का नौरिश ब्रांड-अनुगा सिलेक्ट इंडिया 2026: मुंबई में आज से शुरू होगा अंतरराष्ट्रीय खाद्य मेला

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

45 हजार से अधिक व्यापारिक आगंतुकों की उम्मीद

टेलीग्राम संवाद

मुंबई। मुंबई में आज से शुरू हो रहे अंतरराष्ट्रीय खाद्य एवं पेय व्यापार मंच अनुगा सिलेक्ट इंडिया 2026 में बरेली की बीएल एग्रो इंडस्ट्रीज लिमिटेड और लीड्स ब्रांड कनेक्ट प्राइवेट लिमिटेड की खास भागीदारी रहेगी। 29 सितंबर से एक अक्तूबर तक बॉम्बे एग्जीबिशन सेंटर, गोरेगांव में होने वाले आयोजन में बीएल एग्रो अपनी नौरिश उत्पाद श्रृंखला प्रदर्शित करेगी, जबकि लीड्स ब्रांड कनेक्ट दो अंतरराष्ट्रीय पवेलियनों में विदेशी खाद्य उत्पादों को भारतीय बाजार के सामने पेश करेगा।

बीएल एग्रो की ओर से अनुगा में नौरिश रेंज के उत्पाद प्रदर्शित किए जा रहे हैं। कंपनी की यह भागीदारी पोषण आधारित और आधुनिक खाद्य उत्पादों के क्षेत्र में उसकी गतिविधियों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करेगी।

वहीं लीड्स ब्रांड कनेक्ट की मौजूदगी यूरोपीय संघ और ब्राजील पवेलियन में होगी। यूरोपीय संघ पवेलियन में कंपनी पुर्तगाल का प्रीमियम एक्स्ट्रा वर्जिन ऑलिव ऑयल प्रदर्शित कर रही है। इसे पहली बार भारतीय बाजार में पेश किया जा रहा है। ब्राजील पवेलियन में लीड्स ब्रांड कनेक्ट की ओर से ब्राजील के पादप आधारित उत्पाद अमेजोनिका मुंडी को भी भारतीय बाजार में पहली बार प्रस्तुत किया जाएगा।

कंपनी के अनुसार, इन पहलों का उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय प्रीमियम खाद्य ब्रांडों को भारतीय बाजार से जोड़ना और भारतीय उपभोक्ताओं, खाद्य सेवा तथा होटल-रेस्तरां क्षेत्र के लिए नए वैश्विक उत्पाद उपलब्ध कराना है।

कोएल्नमेस्से प्राइवेट लिमिटेड की ओर से आयोजित अनुगा सिलेक्ट इंडिया के साथ अनुगा फूडटेक इंडिया का 20वां संस्करण भी होगा। दोनों आयोजनों में खाद्य उत्पादों के साथ खाद्य प्रसंस्करण, पैकेजिंग, स्वचालन, डिजिटल तकनीक, खाद्य सुरक्षा और टिकाऊ तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा।

आयोजन में यूरोपीय संघ आधिकारिक भागीदार क्षेत्र के रूप में शामिल है। चीन, ब्राजील, जर्मनी, थाईलैंड, दक्षिण कोरिया, बेल्जियम, फिलीपींस, जॉर्जिया, तुर्किये, ताइवान, स्पेन, इटली, साइप्रस और इंडोनेशिया समेत कई देशों के पवेलियन होंगे। तकनीकी सत्रों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, स्मार्ट प्रसंस्करण, टिकाऊ पैकेजिंग, पादप आधारित उत्पाद, उच्च दबाव प्रसंस्करण और प्रिसिजन फर्मेंटेशन जैसी तकनीकों पर चर्चा होगी।
एक अक्तूबर तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय खाद्य एवं पेय उद्योग मेले में 32 से अधिक देशों के 1100 से ज्यादा प्रदर्शकों और 45 हजार से अधिक व्यापारिक आगंतुकों के पहुंचने की उम्मीद है।

और पढ़ें