- खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योग, आधुनिक मशीनरी और पैकेजिंग क्षेत्र की संभावनाओं को समझा
- राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक मंच से बरेली के उद्यमियों को जोड़ने पर जोर
- आधुनिक मशीनरी के स्टॉलों का किया अवलोकन
- उद्यमियों से नेटवर्किंग कर निवेश व नए बाजारों की संभावनाएं तलाशीं
टेलीग्राम संवाद
लखनऊ/बरेली।खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों में तेजी से बदलती तकनीक तथा कारोबारी संभावनाओं को समझने के लिए इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) बरेली चैप्टर के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित रेगालिया ग्रीन्स में आयोजित इंडिया फूड एक्सपो-2026 में सक्रिय भागीदारी की। एक्सपो के उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

आईआईए के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल के मार्गदर्शन में बरेली चैप्टर के पदाधिकारियों ने एक्सपो में लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण किया। प्रतिनिधिमंडल ने खाद्य प्रसंस्करण, कृषि आधारित उद्योग, एमएसएमई, पैकेजिंग, आधुनिक मशीनरी और नई तकनीकों से जुड़े उत्पादों एवं समाधानों की जानकारी ली। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए उद्यमियों के साथ संवाद कर कारोबारी साझेदारी, बाजार विस्तार और तकनीकी नवाचार की संभावनाओं पर भी चर्चा की गई।

नए बाजार और निवेश के अवसर तलाशने का मंच
आईआईए बरेली चैप्टर के चेयरमैन शेखर अग्रवाल ने कहा कि इंडिया फूड एक्सपो खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों से जुड़े उद्यमियों के लिए उत्पाद, तकनीक और औद्योगिक क्षमताओं को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण मंच है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उद्यमियों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने और व्यापार विस्तार के अवसर तलाशने में मदद मिलती है।
चैप्टर सचिव धनंजय विक्रम सिंह ने कहा कि देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से उद्यमियों की भागीदारी खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में मौजूद व्यापक संभावनाओं को सामने लाती है। आईआईए बरेली चैप्टर अपने सदस्यों को राष्ट्रीय स्तर के औद्योगिक मंचों से जोड़ने और उन्हें नई तकनीक तथा कारोबारी अवसरों से परिचित कराने के प्रयास जारी रखेगा।

किसान से उपभोक्ता तक महत्वपूर्ण कड़ी
आईआईए के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष नीरज गोयल ने कहा कि खाद्य प्रसंस्करण उद्योग किसानों, उद्यमियों और उपभोक्ताओं के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का काम करता है। वहीं राष्ट्रीय सचिव मयूर धीरवानी ने एक्सपो को नेटवर्किंग, नए उत्पादों तथा आधुनिक तकनीकों की जानकारी हासिल करने का प्रभावी माध्यम बताया।
प्रतिनिधिमंडल में शेखर अग्रवाल, धनंजय विक्रम सिंह, नीरज गोयल, मयूर धीरवानी, संदीप तिवारी समेत आईआईए के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य शामिल रहे। प्रतिनिधियों ने कहा कि इस तरह के औद्योगिक आयोजनों से निवेश, रोजगार, मूल्य संवर्धन और निर्यात के नए अवसर विकसित करने की दिशा में उद्योग जगत को गति मिल सकती है।













