ग्रेटर बरेली में बनेगा भव्य कैनाल फ्रंट, फूल, फव्वारे, हरियाली और रोशनी से सजेगा शहर का नया आकर्षण
टेलीग्राम संवाद
बरेली। ग्रेटर बरेली अब सिर्फ आवासीय और व्यावसायिक विकास का नया केंद्र नहीं होगा, बल्कि शहरवासियों को प्रकृति, मनोरंजन और स्वस्थ जीवनशैली से जोड़ने वाला आधुनिक सार्वजनिक स्थल भी यहां विकसित किया जाएगा। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) ग्रेटर बरेली योजना में जलधारा के दोनों किनारों पर भव्य कैनाल फ्रंट विकसित करने की तैयारी है। सेक्टर-1 हिमाद्रि एन्क्लेव और सेक्टर-2 शिवालिक एन्क्लेव के बीच से गुजरने वाली जलधारा को केंद्र में रखकर विकसित होने वाला यह क्षेत्र आने वाले समय में बरेली की नई पहचान बन सकता है।
मुख्यमंत्री की सोच और मुख्यमंत्री शहरी विस्तारीकरण/नये शहर प्रोत्साहन योजना के तहत विकसित की जा रही ग्रेटर बरेली योजना में यह पहल प्रदेश में अपनी तरह का अलग आकर्षण तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। प्रस्तावित कैनाल फ्रंट में हरियाली, फूल, फव्वारे, पैदल पथ, साइकिल ट्रैक, जॉगिंग ट्रैक, बच्चों के खेल क्षेत्र, बैठने के स्थान, खान-पान के केंद्र और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

पीलीभीत रोड से शुरू होगी नई पहचान
ग्रेटर बरेली में पीलीभीत रोड से शुरू होकर योजना मध्य से गुजरने वाली जलधारा के दोनों किनारों को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाएगा। जलधारा के आसपास खुले और हरित क्षेत्र तैयार किए जाएंगे। यहां सुबह की सैर करने वालों के लिए पैदल पथ, युवाओं के लिए जॉगिंग ट्रैक और साइकिलिंग के लिए अलग मार्ग की व्यवस्था की जाएगी।इसका उद्देश्य शहरवासियों को ऐसा सार्वजनिक स्थान उपलब्ध कराना है, जहां वे रोजमर्रा की व्यस्त जिंदगी से कुछ समय निकालकर परिवार और दोस्तों के साथ सुकून के पल बिता सकें। बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और झूले होंगे, जबकि बुजुर्गों और परिवारों के लिए बैठने व विश्राम स्थान बनाए जाएंगे।

फूलों और फव्वारों से सजेगा कैनाल फ्रंट
कैनाल फ्रंट मेंसबसे बड़ी खासियत इसकी पुष्प एवं उद्यान सज्जा होगी। जलधारा के दोनों किनारों पर विभिन्न प्रजातियों के फूल लगाए जाएंगे। रचनात्मक पुष्प संरचनाओं के जरिये पूरे क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप देने की योजना है। जलधारा के विभिन्न हिस्सों में फव्वारे लगाए जाएंगे, जबकि शाम के समय विशेष प्रकाश व्यवस्था कैनाल फ्रंट की खूबसूरती में चार चांद लगाएगी।
बीडीए ने परिकल्पना बनाई है कि आने वाले समय में यहां वार्षिक पुष्प प्रदर्शनी भी आयोजित की जा सके। इसमें शहर की सामाजिक संस्थाओं, उद्यान प्रेमियों, पुष्प प्रेमियों और विभिन्न संगठनों को जनभागीदारी के माध्यम से जोड़ा जा सकता है। इससे बरेली में पुष्प व उद्यान संस्कृति को बढ़ावा देने के साथ ही शहर के लिए नया पर्यटन और सांस्कृतिक आकर्षण तैयार होगा।

कला और प्रकृति का होगा संगम
कैनाल फ्रंट केवल हरियाली और जलधारा तक सीमित नहीं रखा जाएगा। इसके विभिन्न हिस्सों में विषय आधारित कलात्मक संरचनाएं भी विकसित करने की योजना है। फूल, पक्षी, पशु जगत, खेल और ज्ञान-विज्ञान से जुड़े रचनात्मक स्वरूप यहां लोगों का ध्यान आकर्षित करेंगे।
क्रिकेट बल्ला, शटलकॉक, ग्लोब जैसी विषयगत संरचनाएं बच्चों और युवाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बन सकती हैं। इस तरह कैनाल फ्रंट में प्रकृति, कला, खेल और ज्ञान का सुंदर मेल देखने को मिलेगा।

मनोरंजन का नया ठिकाना
कैनाल फ्रंट विकसित होने के बाद शहरवासियों को घूमने-फिरने के लिए एक और बेहतर सार्वजनिक स्थान मिलेगा। सुबह के समय यहां लोग टहल सकेंगे और जॉगिंग कर सकेंगे। युवा साइकिलिंग का आनंद ले सकेंगे। बच्चों के लिए खेल क्षेत्र और झूले होंगे, जबकि परिवारों के बैठने और विश्राम के लिए पर्याप्त स्थान विकसित किए जाएंगे।खान-पान के केंद्र भी विकसित किए जाने की योजना है। इससे लोगों को एक ही स्थान पर मनोरंजन, हरियाली और खान-पान की सुविधाएं मिल सकेंगी। साथ ही स्थानीय स्तर पर छोटे कारोबार और सेवा गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है।

पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
ग्रेटर बरेली का कैनाल फ्रंट भविष्य में शहर के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल हो सकता है। बरेली की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को नाथ कॉरिडोर से नई दिशा मिली है। इसी क्रम में कैनाल फ्रंट शहर की प्राकृतिक सुंदरता, आधुनिक सुविधाओं और हरित परिवेश को एक साथ सामने लाने वाला नया केंद्र बन सकता है।पर्यटकों और शहरवासियों की आवाजाही बढ़ने से आसपास खान-पान, छोटे व्यवसाय और अन्य सेवा गतिविधियों को भी लाभ मिल सकता है। इससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलने की संभावना है।
पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर
कैनाल फ्रंट योजना में पर्यावरण को भी प्रमुखता दी गई है। जलधारा दोनों ओर हरित क्षेत्र, पौधारोपण और पुष्प सज्जा के साथ खुले सार्वजनिक स्थान विकसित किए जाएंगे। इससे क्षेत्र का वातावरण बेहतर होगा और लोगों को प्रकृति के करीब समय बिताने का अवसर मिलेगा।बीडीए का उद्देश्य ग्रेटर बरेली को ऐसा आधुनिक शहरी क्षेत्र बनाना है, जहां आवास और आधारभूत सुविधाओं साथ पर्याप्त हरित क्षेत्र और नागरिकों के लिए खुले स्थान भी उपलब्ध हों।
विकसित करने की परिकल्पना
कैनाल फ्रंट को केवल सौंदर्यीकरण की परियोजना के रूप में नहीं देखा जा रहा है। जलधारा, हरियाली, फूल, फव्वारे, रोशनी, खेल और मनोरंजन को एक साथ जोड़कर इसे शहर के नागरिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाने की परिकल्पना है। आने वाले समय में यह क्षेत्र स्वास्थ्य, मनोरंजन, पर्यटन, सामाजिक सहभागिता और स्थानीय कारोबार को एक साथ जोड़ने वाला केंद्र बन सकता है।787योजना है कि ग्रेटर बरेली केवल मकानों और सड़कों का नया विस्तार न बने, बल्कि ऐसा सुव्यवस्थित शहरी क्षेत्र हो जहां लोग रह सकें, घूम सकें, खेल सकें और स्वस्थ वातावरण में समय बिता सकें।
मंडलायुक्त के निर्देशन में आगे बढ़ रही योजना
बरेली विकास प्राधिकरण की यह परियोजना मंडलायुक्त, बरेली के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आगे बढ़ाई जा रही है। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडे ने कहा कि मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच अनुरूप ग्रेटर बरेली को आधुनिक, सुंदर और नागरिक-केंद्रित शहरी क्षेत्र के रूप में विकसित किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि कैनाल फ्रंट इसी सोच का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जलधारा के दोनों ओर फूल, हरियाली, फव्वारे, प्रकाश व्यवस्था, खेल और मनोरंजन की सुविधाओं के साथ ऐसा सार्वजनिक स्थल विकसित करने का प्रयास है, जो नागरिकों को बेहतर जीवन-पर्यावरण उपलब्ध कराए और बरेली को नई पहचान दे।उन्होंने कहा कि भविष्य में सामाजिक संस्थाओं और जनभागीदारी के माध्यम से पुष्प प्रदर्शनी जैसे आयोजन भी यहां कराए जा सकते हैं। इससे शहर के लोगों को अपनी रचनात्मकता और उद्यान प्रेम प्रदर्शित करने के लिए नया मंच मिलेगा।कैनाल फ्रंट के आकार लेने के बाद ग्रेटर बरेली की तस्वीर बदलने की उम्मीद है। जलधारा के किनारे विकसित होने वाला यह हरित और आधुनिक क्षेत्र आने वाले वर्षों में बरेली के नागरिकों के लिए सुकून, मनोरंजन और आकर्षण का नया ठिकाना बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो सकता है।













