15 अगस्त पर जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने प्रस्तुति पत्र देकर किया सम्मानित
उत्कृष्ट कार्य के लिए ₹5,100 का नकद पुरस्कार भी मिला
टेलीग्राम संवाद
बरेली। खुफिया सूचनाओं को समय रहते जुटाकर गंभीर घटनाओं को टालने और लोगों की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाने वाले लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) के अधिकारी अमित कुमार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने उन्हें प्रस्तुति पत्र देकर उनके कार्यों की सराहना की। उत्कृष्ट सेवा के लिए उन्हें ₹5,100 का नकद पुरस्कार भी प्रदान किया गया।
अमित कुमार जिला अधिकारी कार्यालय में लोकल इंटेलिजेंस के पद पर कार्यरत हैं। उनकी कार्यशैली और सक्रियता जिले में चर्चा का विषय बनी हुई है। बताया गया कि हाल ही में उन्होंने एक परिवार को गंभीर संकट से बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति परिवार के साथ विवाद के चलते पेट्रोल डालकर जान देने की कोशिश कर रहा है। अमित कुमार ने तत्परता से सूचना पर कार्रवाई करते हुए परिवार को सुरक्षित बचा लिया। समय रहते की गई इस कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई।
अमित कुमार की इसी सतर्कता, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को देखते हुए स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उन्हें सम्मानित किया गया। समारोह में जिलाधिकारी अविनाश सिंह, अपर जिला ग्रामीण मजिस्ट्रेट श्रीमती पूर्णिमा, अपर जिला अधिकारी नगर अविनाश त्रिपाठी समेत वित्तीय (FR) और अन्य स्टाफ मौजूद रहा।
सम्मान समारोह में अधिकारियों ने अमित कुमार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कर्मठ और जनसेवक अधिकारियों की सतर्कता एवं जिम्मेदारी समाज की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।











