मुरादाबाद में ओशो फ्रैंग्रन्स का पहला एक दिवसीय ध्यान शिविर आयोजित

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टेलीग्राम संवाद मुरादाबाद।ओशो फ्रैंग्रन्स, मुरादाबाद के तत्वावधान में रविवार को होटल प्रेम चुनरिया, बुद्ध बाजार में प्रथम एक दिवसीय ध्यान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के पहले ही सत्र में 51 मित्रों एवं ओशो प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही, जबकि दिनभर आयोजित विभिन्न सत्रों में लगभग 40 से 45 साधकों ने नियमित रूप से भाग लेकर ध्यान प्रयोगों का अनुभव किया।

शिविर का संचालन श्री रजनीश ध्यान मंदिर, कुमाशपुर-दीपालपुर रोड, सोनीपत स्थित ओशो फ्रैंग्रन्स आश्रम से आए, ओशो अनुज पूज्य स्वामी शैलेन्द्र सरस्वती जी के शिष्य एवं आचार्य स्वामी प्रेम अद्वैत ने किया। उन्होंने विभिन्न ध्यान विधियों के माध्यम से साधकों को स्वयं के भीतर उतरने, मौन एवं साक्षीभाव को अनुभव करने तथा जागरूकता के साथ जीवन जीने की दिशा में मार्गदर्शन दिया।

स्वामी प्रेम अद्वैत ने कहा कि ध्यान केवल आंखें बंद करके बैठने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि स्वयं के भीतर उतरने और अपने वास्तविक स्वरूप को जानने की यात्रा है। ध्यान किसी एक समय या स्थान तक सीमित अभ्यास नहीं, बल्कि जागरूकता के साथ जीने की कला है। विभिन्न ध्यान प्रयोगों के माध्यम से उन्होंने साधकों को आंतरिक शांति, मौन और आत्म-जागरूकता का अनुभव कराया तथा उनकी विभिन्न जिज्ञासाओं और प्रश्नों का समाधान भी किया।

शिविर का शुभारंभ प्रातः 7:30 से 9:00 बजे तक सक्रिय ध्यान से हुआ। इसके बाद 10:00 से 11:30 बजे तक नादब्रह्म ध्यान, दोपहर 12:00 से 1:30 बजे तक देववाणी ध्यान एवं ओशो प्रवचन का सत्र आयोजित किया गया। अंतिम सत्र में अपराह्न 3:00 से 4:30 बजे तक कीर्तन ध्यान कराया गया। इस दौरान साधकों ने ध्यान, संगीत और आनंद के माध्यम से दिनभर की साधना को पूर्णता प्रदान की।

शिविर में भाग लेने वाले साधकों ने विभिन्न ध्यान प्रयोगों को आत्मिक शांति, मानसिक विश्राम और आंतरिक ऊर्जा का अनुभव कराने वाला बताया। प्रतिभागियों का कहना था कि वर्तमान तनावपूर्ण और भागदौड़ भरे जीवन में ध्यान व्यक्ति को कुछ समय के लिए बाहरी परिस्थितियों से हटकर स्वयं के भीतर देखने, स्वयं से जुड़ने तथा जीवन को अधिक सहजता और जागरूकता के साथ जीने का अवसर प्रदान करता है।

शिविर के सफल आयोजन में सुखवीर सिंह, संजीव भारद्वाज, पिंटू सैनी, विशाल साहू, सोनू सिंह, राहुल ओलख, प्रशांत वर्मा, माँ अर्चना एवं माँ उषा सिंह सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्यों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

आयोजन समिति प्रमुख सुखवीर सिंह के अनुसार, अगला एक दिवसीय ध्यान शिविर रविवार, 30 अगस्त 2026 को मुरादाबाद में आयोजित किया जाएगा। इसमें आचार्य स्वामी प्रेम अद्वैत साधकों को विभिन्न ध्यान प्रयोग कराएंगे तथा ध्यान एवं आध्यात्मिक जीवन से जुड़े प्रश्नों का समाधान भी करेंगे।

और पढ़ें