बीडीए कांवड़ियों पर कराएगा पुष्प वर्षा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

टेलीग्राम संवाद

बरेली। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) उपाध्यक्ष सौम्या अग्रवाल ने पहली बार कांवड़ियों के स्वागत संबंधी जानकारी दी। शुक्रवार अपराहन बीडीए सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बीडीए उपाध्यक्ष ने कांवड़ संबंधी जानकारी दी।

उपाध्यक्ष ने बताया कि श्रावण मास व कांवड़ यात्रा-2026 के दृष्टिगत बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा पहली बार कांवड़ यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा व स्वागत के लिए व्यापक एवं विशेष व्यवस्थाएँ की जा रही हैं। प्राधिकरण द्वारा विभिन्न कांवड़ मार्गों पर सड़कों का चौड़ीकरण, मार्गों का समतलीकरण व मरम्मत, आवश्यक स्थलों पर उच्च गुणवत्ता की विद्युत प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, जल निकासी की समुचित व्यवस्था, यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले अवरोधों को हटाने तथा सुगम व सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समस्त कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराए जा रहे हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

वार्ता में उपाध्यक्ष द्वारा बरेली विकास प्राधिकरण की भावी कार्ययोजनाओं पर भी विस्तारपूर्वक प्रकाश डाला गया। साथ ही प्राधिकरण द्वारा वर्तमान में कराए जा रहे व प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों, अवस्थापना परियोजनाओं, सड़क विकास, आधारभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण, नागरिक सुविधाओं के विस्तार तथा शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास के लिए संचालित योजनाओं के संबंध में भी विस्तृत जानकारी साझा की गई। उन्होंने बताया कि प्राधिकरण का उद्देश्य केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि उन्हें गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी व जनहितकारी बनाना भी है।

बैठक में पत्रकार द्वारा कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं, शहर के विकास, यातायात प्रबंधन, नागरिक सुविधाओं तथा प्राधिकरण द्वारा संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं के संबंध में अपने बहुमूल्य सुझाव एवं विचार प्रस्तुत किए गए। उपाध्यक्ष ने सभी सुझावों का स्वागत करते हुए कहा कि मीडिया समाज और प्रशासन के मध्य एक महत्वपूर्ण सेतु की भूमिका निभाता है तथा पत्रकारों द्वारा दिए गए रचनात्मक सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यकतानुसार कार्ययोजनाओं में सम्मिलित किया जाएगा।

इस अवसर पर उपस्थित पत्रकारों ने बरेली विकास प्राधिकरण द्वारा पहली बार कांवड़ यात्रियों के लिए किए जा रहे व्यापक एवं विशेष प्रबंधों, जनहितोन्मुखी पहलों तथा शहर के समग्र एवं सुनियोजित विकास हेतु संचालित कार्यों की सराहना की। साथ ही उन्होंने भविष्य में भी प्राधिकरण एवं मीडिया के मध्य सतत संवाद, पारदर्शिता एवं रचनात्मक सहयोग बनाए रखने का विश्वास व्यक्त किया। उपाध्यक्ष महोदया ने सभी पत्रकार बन्धुओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मीडिया के सकारात्मक सहयोग एवं जनसुझावों के माध्यम से बरेली विकास प्राधिकरण शहर के सर्वांगीण विकास, उत्कृष्ट नागरिक सुविधाओं तथा सुशासन के अपने संकल्प को और अधिक प्रभावी ढंग से साकार करता रहेगा।

प्रेसवार्ता में बीडीए संयुक्त सचिव दीपक कुमार और बीडीए के विशेष कार्याधिकारी अजीत कुमार सिंह भी मौजूद रहे।

और पढ़ें