119वें स्थापना दिवस पर सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग का दिया संदेश, साइबर ठगी से बचाव के लिए किया जागरूक
टेलीग्राम संवाद
बरेली। बैंक ऑफ बड़ौदा के 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर साइबर अपराधों के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से अंचल कार्यालय बरेली द्वारा साइबर सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी (सीओ) बरेली शिवम आशुतोष ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने बैंक अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों से डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतने तथा सुरक्षित बैंकिंग अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचल कार्यालय बरेली के उप महाप्रबंधक प्रवीण कुमार सिंह एवं देवराज बंसवाल तथा क्षेत्रीय कार्यालय बरेली के क्षेत्रीय प्रमुख बिशम्भर दत्त और उप क्षेत्रीय प्रमुख संतोष कुमार गुप्ता ने की।
प्रातः 6:30 बजे पंजाबी मार्केट शाखा से शुरू हुई यह जागरूकता रैली अयूब खां चौराहा और चौकी चौराहा होते हुए सिविल लाइंस शाखा पर पहुंचकर संपन्न हुई। रैली के दौरान बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने आमजन को साइबर सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए तथा सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग के प्रति जागरूक किया।
रैली के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन बैंकिंग धोखाधड़ी, फिशिंग, फर्जी कॉल, ओटीपी साझा करने के खतरे और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की सलाह दी गई। अधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूकता ही सबसे प्रभावी सुरक्षा कवच है और बैंक ऑफ बड़ौदा ग्राहकों को सुरक्षित एवं भरोसेमंद डिजिटल बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।














