एक्सपायर रिफाइंड से बन रही थी नमकीन, 89 टिन तेल सीज-एफएसडीए टीम ने आलम फूड पर मारा छापा, बाजार में हड़कंप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बरेली। बरेली मंडल में मिलावटखोर सिस्टम पर लगातार हावी होते जा रहे हैं। क्योंकि खाद्य सुरक्षा व औषधि प्रशासन विभाग में संसाधन सीमित हैं, स्टाफ भी कम है, जिसका फायदा मिलावटखोर उठा रहे हैं। शनिवार अवकाश में एफएसडीए टीम परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र में पहुंची। निर्माण इकाई परिसर में रिफाइंड पामोलिन ऑयल स्टॉक में रखा मिला। टिन पर लिखी प्रयोग अवधि निकल चुकी थी। यानी एक्सपायर हुए तेल से नमकीन बनाई जा रही थी। इसकी सप्लाई भी दूर दराज होती है। छानबीन में पाया गया कि एक्सपायरी तेल शनिवार सुबह ही फैक्ट्री में लाया गया था। टीम ने स्टॉक में रखे 89 टिन सीज कर दिए। जबकि एक्सपायरी तेल से बन रही जीएफ नमकीन के नमूने भरकर लैब में परीक्षण हेतु भेजे हैं।


एफएसडीए आयुक्त रोशन जैकब मिलावटखोरी पर काफी सख्त हैं। सहायक आयुक्त बरेली संदीप कुमार चौरसिया ने इसके तहत सघन छापा कार्रवाई शुरू कराई है। अवकाश में भी छापा कार्रवाई जारी रही। एफएसडीए टीम सबसे पहले परसाखेड़ा स्थित आलम फूड प्रोडक्ट निर्माण इकाई पहुंची। वहां पर जीएफ नमकीन नाम से पैकिंग हो रही थी। इसमें इस्तेमाल होने वाला तेल दो माह पहले एक्सपायर हो चुका था। टीम ने एक अन्य फैक्ट्री पर भी छापा कार्रवाई कर नमूने भरे। छापा टीम पहुंचने की जानकारी मिलते ही कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
आलम फूड प्रोडक्ट निर्माण इकाई पर निरीक्षण मे मौके पर नामकीन प्रयोग किए जाने हेतु रखें रिफाइंड पामोलीन तेल के 89 टीन पर जब उनकी एक्सपायर डेट देखी गई तो वह मई 2026 में ही एक्सपायर हो गई पायी गई। खाद्य कारोबारकर्ता द्वारा बताया गया कि उक्त रिफाइंड पामोलिन ऑयल उसके पास थोक विक्रेता द्वारा 2 घंटे पूर्व भेजा गया है। उसने खरीदारी बिल दिखाया। मिलावट का संदेह होने पर नमकीन का नमूना टीम ने भरा।
टीम ने मौके पर रखे न्यूट्री प्लस नामक 89 टीन जिसमें 1335 किलो पामोलीन ऑइल जिसकी कीमत 1,96,245 रुपये बताई गई है, जिसे सीज कर दिया गया। एक्सपायर पामोलीन तेल पाए जाने पर टीम ने विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी। एफएसडीए विभाग ने एक्सपायर न्यूट्री प्लस रिफाइंड पामोलिन ऑयल सप्लाई करने वाली फर्म पर भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
रिफाइंड पामोलिन तेल सप्लाई करने वाली फर्म गोरखपुर में कार्यरत बताई जाती है।

और पढ़ें