नवाबगंज में पल्लवी पटेल का शक्ति प्रदर्शन, -यूजीसी मुद्दे पर सड़क पर उतरने का आह्वान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

कार्यालय उद्घाटन से लेकर सदस्यता अभियान तक गरमाई सियासत

टेलीग्राम संवाद

बरेली। नवाबगंज विधानसभा क्षेत्र में रविवार को अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के प्रथम आगमन पर राजनीतिक माहौल पूरी तरह गरमा गया। नगर में प्रवेश करते ही पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने भारत रत्न लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और आशीर्वाद लिया।
इसके बाद डॉ. पल्लवी पटेल ने एडवोकेट सुरेश पटेल के आवास पर स्थापित अपना दल कमेरावादी के नए कार्यालय का फीता काटकर उद्घाटन किया। कार्यक्रम में भारी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं और समर्थकों को संबोधित करते हुए उन्होंने विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से जुड़े मुद्दों पर केंद्र सरकार को घेरते हुए जनता से अपने हक और अधिकारों की लड़ाई के लिए सड़क पर उतरने का आह्वान किया।
सभा के दौरान राजनीतिक हलचल तब और तेज हो गई, जब अपना दल (एस) के कई पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने पदों से इस्तीफा देकर अपना दल कमेरावादी की सदस्यता ग्रहण कर ली। विधानसभा स्तर की पूरी कार्यकारिणी के पार्टी में शामिल होने को क्षेत्रीय राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
डॉ. पल्लवी पटेल ने इस मौके पर विधानसभा अध्यक्ष की घोषणा करते हुए पद पत्र सौंपा और संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी भी सौंपी। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारों और तालियों के बीच उनका स्वागत किया।
सभा में उमड़ी भारी भीड़ को देखकर डॉ. पल्लवी पटेल काफी उत्साहित नजर आईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष एडवोकेट सुरेश पटेल ने की, जबकि संचालन मंडल अध्यक्ष आनंद मोहन पटेल ने किया।

और पढ़ें