मेरठ-बरेली कनेक्शन से खुला फर्जी कारोबार का जाल
चार दिन की छापेमारी के बाद सामने आया करोड़ों का खेल
आकर्ष मिश्रा
टेलीग्राम संवाद बरेली/मेरठ। पान मसाला कारोबार की आड़ में चल रहे करोड़ों रुपये के टैक्स घोटाले का पर्दाफाश करते हुए केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बरेली के कारोबारी नेटवर्क से जुड़ी कंपनियों पर चली चार दिन लंबी जांच में करीब 29.12 करोड़ रुपये की जीएसटी चोरी सामने आई है। मामले में कंपनी के पार्टनर और अकाउंटेंट को गिरफ्तार कर मेरठ की विशेष अदालत में पेश किया गया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
सीजीएसटी अधिकारियों को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि “धनश्री” ब्रांड के पान मसाले के निर्माण और सप्लाई में बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी की जा रही है। इसके बाद एंटी इवेजन शाखा की टीमों ने बरेली के सिटी स्टेशन रोड, नुरेशी फाटक और परसाखेड़ा स्थित ठिकानों समेत कई स्थानों पर एक साथ छापेमारी की। करीब 25 अधिकारियों की टीम ने 13 मई से 16 मई तक लगातार कार्रवाई की।
जांच के दौरान अधिकारियों को कई ऐसी मशीनें मिलीं, जिनके जरिए बिना वैध रिकॉर्ड और टैक्स भुगतान के पान मसाला पैक किया जा रहा था। शुरुआती जांच में खुलासा हुआ कि तैयार माल को फर्जी बिलिंग और कागजी हेरफेर के जरिए बाजार में उतारा जा रहा था, जिससे सरकार को करीब 29 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान पहुंचा।
छापेमारी के बाद टीम ने कंपनी से जुड़े पार्टनर जगदीश चंद्र अग्रवाल और अकाउंटेंट गोपाल सक्सेना को हिरासत में लिया। पूछताछ में वित्तीय लेनदेन और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े कई अहम सुराग हाथ लगे। शनिवार सुबह दोनों आरोपियों को बरेली से गिरफ्तार कर मेरठ स्थित विशेष सीजीएसटी अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनों को दस दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
सूत्रों के मुताबिक कार्रवाई के दौरान बड़ी मात्रा में दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और लेनदेन से जुड़े इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी बरामद हुए हैं। जांच एजेंसियों को आशंका है कि टैक्स चोरी का यह नेटवर्क कई जिलों तक फैला हो सकता है। अब विभाग इस पूरे कारोबारी गठजोड़ की वित्तीय पड़ताल में जुट गया है।
सीजीएसटी अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं। विभाग अब सप्लाई चैन, फर्जी फर्मों और हवाला कनेक्शन की भी जांच कर रहा है।













