बड़ा बाईपास पर दो बदमाशों के एनकाउंटर में साहस दिखाने पर मिला वीरता सम्मान
टेलीग्राम संवाद
बरेली।कारोबारी के मैनेजर से नौ लाख रुपये से अधिक की लूट के बाद बदमाशों का पीछा कर मुठभेड़ में दो बदमाशों को मार गिराने वाले इंस्पेक्टर गीतेश कपिल को उनकी बहादुरी का सम्मान मिला है। गुरुवार को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें गैलेंट्री मेडल (वीरता पदक) और प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। वर्तमान में बरेली जोन कार्यालय में तैनात इंस्पेक्टर गीतेश के वीरता पदक की घोषणा गणतंत्र दिवस 2025 के अवसर पर की गई थी।
कोहाड़ापीर में हुई थी बड़ी लूट
मामला बरेली के कोहाड़ापीर क्षेत्र में कारोबारी के मैनेजर से हुई लूट से जुड़ा है। सुबह के समय बदमाशों ने मैनेजर को निशाना बनाकर नौ लाख रुपये से अधिक की नकदी लूट ली थी। वारदात के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई। बदमाशों की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगाई गईं और उनके संभावित भागने के रास्तों पर घेराबंदी की गई।
पुलिस को बदमाशों के बड़ा बाईपास की ओर जाने की सूचना मिली। इसके बाद अहलादपुर क्षेत्र में पुलिस टीम ने उन्हें घेर लिया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम का सामना किया। जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मारे गए। पुलिस ने मौके से लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा भी बरामद किया था।
पीछा करने से मुठभेड़ तक निभाई अहम भूमिका
पूरे अभियान में इंस्पेक्टर गीतेश कपिल और उनकी टीम की अहम भूमिका रही। बदमाशों का पीछा करने, उनकी घेराबंदी करने और मुठभेड़ के दौरान उन्होंने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया। इसी कार्रवाई में प्रदर्शित बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा के लिए उन्हें वीरता पदक से सम्मानित करने का निर्णय लिया गया था।
लखनऊ में मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित
लखनऊ में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंस्पेक्टर गीतेश कपिल को गैलेंट्री मेडल और प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। सम्मान मिलने के बाद बरेली पुलिस और जोन कार्यालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी।
समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के पूर्व पुलिस महानिदेशक प्रकाश सिंह की पुस्तक ‘संघर्ष’ का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में पुलिस सेवा के दौरान असाधारण साहस और कर्तव्यनिष्ठा का प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों के योगदान को सम्मानित किया गया।












