बैंक ऑफ बड़ौदा ने 119वें स्थापना दिवस पर डिजिटल बैंकिंग और एमएसएमई क्षेत्र के लिए की बड़ी पहलें

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

विशेष प्रतिनिधि

टेलीग्राम संवाद, मुंबई/बरेली। देश के अग्रणी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों में शामिल बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपने 119वें स्थापना दिवस के अवसर पर डिजिटल बैंकिंग, रिटेल बैंकिंग, एमएसएमई वित्तपोषण और वित्तीय समावेशन को नई गति देने के लिए कई महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की। बैंक ने इस वर्ष की थीम “नेतृत्व भरोसे का” के अनुरूप ग्राहकों को बेहतर, सुरक्षित और तकनीक आधारित बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
स्थापना दिवस समारोह के मुख्य अतिथि भारत के महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर रहे। उन्होंने बैंक के नए डिजिटल बैंकिंग प्लेटफॉर्म “न्यू बॉब वर्ल्ड” का शुभारंभ किया। यह एआई आधारित, अधिक सुरक्षित और ग्राहकों की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया गया प्लेटफॉर्म है, जिसमें पर्सनल फाइनेंस मैनेजमेंट, आसान ऑनबोर्डिंग और बेहतर डिजिटल अनुभव जैसी सुविधाएं शामिल हैं।
बैंक ने अपने ग्लोबल कैपेबिलिटी, इनोवेशन एंड ट्रांसफॉर्मेशन सेंटर (AAROHAN GCIC) का भी शुभारंभ किया, जो भविष्य की बैंकिंग तकनीकों, अनुसंधान और डिजिटल नवाचार को बढ़ावा देगा। साथ ही एआई आधारित वर्चुअल रिलेशनशिप मैनेजर ADITI 2.0 लॉन्च किया गया, जिससे ग्राहक अपनी पसंदीदा भाषा में बैंकिंग सेवाओं का लाभ उठा सकेंगे।
रिटेल बैंकिंग को मजबूत करने के लिए बैंक ने बॉब एलिवेट होम लोन, निजी बिल्डरों की परियोजनाओं के लिए बॉब बेस्टभूमि गृह ऋण तथा निवेशकों के लिए bobPAL जैसी नई सुविधाएं शुरू की हैं। वहीं एमएसएमई क्षेत्र के लिए बॉब अग्निवीर योजना, कॉर्पोरेट इनवॉइस फाइनेंसिंग और इलेक्ट्रिक वाहन इन्फ्रास्ट्रक्चर को बढ़ावा देने के लिए बॉब ग्रीन प्लस योजना की घोषणा की गई।
वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देते हुए बैंक ने देशभर में 119 नए बैंकिंग कॉरेस्पॉन्डेंट (BC) केंद्रों का उद्घाटन किया तथा प्रधानमंत्री जनधन योजना के खाताधारकों के लिए बहुभाषी व्हाट्सएप बैंकिंग सेवा शुरू करने की घोषणा की। स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में बैंक ने देशव्यापी वृक्षारोपण अभियान भी प्रारंभ किया।
बैंक के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ देवदत्त चंद ने कहा कि बैंक ग्राहकों के भरोसे को और मजबूत करते हुए नवाचार, तकनीक और समावेशी विकास के माध्यम से भविष्य की बैंकिंग का निर्माण करने के लिए प्रतिबद्ध है।

और पढ़ें