पुलिस मुठभेड़ में आरोपी के पैर में लगी गोली
विशाल पाण्डेय
टेलीग्राम संवाद/फरीदपुर/फतेहगंज पूर्वी। नव विवाहिता के साथ बलात्कार के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान किया गिरफ्तार। युवक ने विवाहिता को दवा दिलाने के नाम पर अपने साथ बाइक पर बरेली ले जाकर उसके साथ किया था बलात्कार। थाना फतेहगंज पूर्वी क्षेत्र के एक गांव की निवासी नव विवाहिता का स्वास्थ्य कुछ खराब चल रहा था। वहीं उसके पड़ोस की एक महिला की जान पहचान थाना भुता क्षेत्र के ग्राम मल्हपुर निवासी जुबैर पुत्र जहीरूद्दीन से थी। इसी के चलते उसने विवाहिता से भी परिचय बढ़ा लिया। विवाहिता ने उसे अपनी तबीयत के बारे में बताया तब उसने कहा कि उसकी पहचान अच्छे डॉक्टर से है वह उसे दवा दिला देगा। शनिवार की सुबह लगभग 11:00 बजे जुबैर महिला के घर से उसे अपनी बाइक पर बैठाकर बरेली लेकर चला गया जहां उसने पुराने शहर क्षेत्र के किसी अज्ञात स्थान पर ले जाकर बंद कमरे में उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद आरोपी शाम को विवाहिता को उसके गांव के बाहर छोड़कर मौके से फरार हो गया। जब विवाहिता ने घर पहुंच कर सारी घटना परिजनों को बताई तो परिजनों ने थाना फतेहगंज पूर्वी में आरोपी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करवाया। मुकदमा लिखने के बाद पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी। रविवार की सुबह लगभग 7:30 बजे मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ग्राम शिवपुरी जंगल में नहर कोठी के पास आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस द्वारा की गई जबावी फायरिंग में युवक के पैर में गोली लग गई जिसके बाद घायल अवस्था में पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और उपचार हेतु पहले सीएचसी फरीदपुर लेकर पहुंचे जहां से उसे जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी जुबैर के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा व एक जीवित कारतूस, एक मोटरसाइकिल, 37690 रुपए नगद व एक मोबाइल फोन बरामद किया।
पुलिस टीम द्वारा की गई इस कार्रवाई में इंस्पेक्टर थाना फतेहगंज पूर्वी राजकुमार सिंह, वरिष्ठ उप निरीक्षक संजीव कुमार, उपनिरीक्षक इंद्रपाल सिंह, जितेंद्र सिंह, बाल किशोर, हेड कांस्टेबल नीरज सिंह, कांस्टेबल हर्ष चौहान, मोहित, अविनाश, ऋतिक पूनिया शामिल रहे।















