संजय श्रीवास्तव
टेलीग्राम संवाद, बरेली। फरीदपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक प्रोफेसर डॉ. श्याम बिहारी लाल के आकस्मिक निधन के बाद पूरे जनपद में शोक की लहर है। शनिवार पूर्वाह्न मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वायुयान से बरेली पहुंचे और शक्तिनगर कॉलोनी स्थित दिवंगत विधायक के आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने शोकसंतप्त परिजनों से मिलकर सांत्वना व्यक्त की और ढांढस बंधाया।
मुख्यमंत्री ने दिवंगत विधायक की पत्नी, बेटियों और बेटे से मुलाकात कर परिवार का हाल जाना। उन्होंने कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल का निधन केवल परिवार नहीं, बल्कि पूरे संगठन और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति है। मुख्यमंत्री करीब 15 मिनट तक आवास पर रहे।


श्रद्धांजलि दौरान राष्ट्रीय भाजपा कोषाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, केंद्रीय राज्य मंत्री बीएल वर्मा, सिंचाई मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, वन मंत्री डॉ. अरुण कुमार,क्षेत्रीय अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य , मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक संजीव अग्रवाल, डॉ. डीसी बर्मा, डॉ. एमपी आर्य सहित कई वरिष्ठ जनप्रतिनिधि और पुलिस व प्रशासन अधिकारी मौजूद रहे।
शुक्रवार दोपहर सर्किट हाउस में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह की बैठक दौरान भोजन करते समय विधायक श्याम बिहारी लाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उपचार के प्रयासों के बावजूद करीब एक घंटे बाद उनका निधन हो गया। डॉक्टरों ने मौत का कारण हृदयाघात बताया।



विधायक के असामयिक निधन से क्षेत्र में शोक व्याप्त है। लोग उन्हें सरल, मिलनसार और जनसेवा के प्रति समर्पित नेता के रूप में याद कर रहे हैं। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग उनके आवास और फरीदपुर स्थित श्मशान घाट पर पहुंचे।

दिवंगत विधायक का अंतिम संस्कार शनिवार दोपहर फरीदपुर में किया गया। जिसमें जनप्रतिनिधि, पुलिस व प्रशासन अधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता व स्थानीय लोगों की भारी उपस्थिति रही।
वन राज्यमंत्री डॉ. अरुण कुमार सक्सेना ने कहा कि मुख्यमंत्री ने परिवार से भेंट कर संवेदना व्यक्त की और विधायक के योगदान को अविस्मरणीय बताया। उन्होंने कहा कि डॉ. श्याम बिहारी लाल की कमी लंबे समय तक महसूस की जाएगी।












Total Users : 93104
Total views : 1210304