गीत-संगीत, पारंपरिक वेशभूषा और मनोरंजक प्रतियोगिताओं में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मिले पुरस्कार
टेलीग्राम संवाद
बरेली। हरियाली तीज के पावन अवसर पर रविवार को अधिवक्ता नीतू गोस्वामी के आयोजन में तारा पैलेस में भव्य हरियाली तीज महोत्सव आयोजित किया गया। कार्यक्रम में करीब 200 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हरे रंग के परिधानों में सजी महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य और विभिन्न मनोरंजक प्रतियोगिताओं के माध्यम से तीज उत्सव की खुशियां साझा कीं।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि बरेली नगर निगम की उपसभापति पूनम राठौर रहीं। अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। आकर्षक ढंग से सजे आयोजन स्थल पर महिलाओं ने पारंपरिक गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किए और विभिन्न प्रांतों की पारंपरिक वेशभूषा के माध्यम से भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रदर्शित किया।
प्रतियोगिताओं में दिखा महिलाओं का उत्साह
कार्यक्रम में गोलगप्पे प्रतियोगिता, पारंपरिक वेशभूषा समेत कई मनोरंजक खेल और प्रतियोगिताएं आकर्षण का केंद्र रहीं। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभागियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। हरियाली तीज के अवसर पर नारी शक्ति, गिरिजा देवी, नारायणी और तेजस्विनी पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का संदेश
मुख्य अतिथि पूनम राठौर ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ आपसी मेलजोल बढ़ाने और भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर देते हैं। उन्होंने महिलाओं से ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों में निरंतर भागीदारी करने का आह्वान किया।
आयोजक नीतू गोस्वामी एडवोकेट ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हरियाली तीज जैसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच प्रदान करते हैं। कार्यक्रम में गरिमा, शालिनी, दीप्ति सक्सेना एडवोकेट, नेहा, बबीता सिंह, कुमकुम मिश्रा, गरिमा आर्य, पूरी पूर्वी, आरती, गीता गोस्वामी, मिथिलेश समेत बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता रही। पूरे आयोजन के दौरान महिलाओं में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।
















