विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय तक पहुंची सूचना, साइबर टीम जांच में जुटी
आर.बी. लाल
टेलीग्राम संवाद। बरेली। शहर के डीडीपुरम स्थित पासपोर्ट कार्यालय में शुक्रवार को एक धमकी भरे ईमेल ने पूरे प्रशासनिक और सुरक्षा तंत्र को हिला कर रख दिया। कार्यालय को बम से उड़ाने की चेतावनी मिलते ही अफसरों में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई। कुछ ही देर में पूरा इलाका हाई अलर्ट जोन में तब्दील हो गया।


सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और एहतियातन पूरे पासपोर्ट कार्यालय परिसर को तत्काल खाली करा लिया गया। पासपोर्ट बनवाने आए आवेदकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, वहीं आसपास के इलाके में भी सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ता (BDS) को मौके पर बुलाया गया।


जांच टीमों ने बिल्डिंग के कोने-कोने की सघन तलाशी अभियान शुरू किया। हर कमरे, गलियारे और संदिग्ध स्थान की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्प्रभावी किया जा सके। अचानक हुई इस कार्रवाई से वहां मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए अफरा-तफरी की स्थिति रही।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर टीम को सक्रिय कर दिया गया है। फिलहाल जांच जारी है और अब तक किसी भी प्रकार की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सुरक्षा के मद्देनजर सभी जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।


क्षेत्रीय पासपोर्ट अधिकारी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को रामनवमी के चलते अवकाश था, लेकिन केंद्रीय स्तर पर कार्य जारी था। इसी दौरान आधिकारिक ईमेल आईडी पर धमकी भरा मेल प्राप्त हुआ। उन्होंने बताया कि मामले की सूचना तुरंत स्थानीय पुलिस के साथ-साथ केंद्र स्तर पर भी दी गई। विदेश मंत्रालय और गृह मंत्रालय तक सूचना पहुंचते ही पूरा सिस्टम अलर्ट मोड में आ गया है और मामले की गहन जांच की जा रही है।












Total Users : 98197
Total views : 1217877