- नरगिस ने गोमूत्र पान कर अपनाया सनातन धर्म अपनाया , इंस्टाग्राम पर डेढ़ साल पहले हुई थी दोनों की पहचान
- शादी के लिए पहले भी घर छोड़कर दिल्ली पहुंची थी युवती
- मढ़ीनाथ आश्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुद्धिकरण की प्रक्रिया पूरी
- परिजनों से जान का खतरा बताकर दिल्ली में रह रहा नवविवाहित जोड़ा
टेलीग्राम संवाद
बरेली। प्रेम संबंध से शुरू हुई कहानी अब धर्म परिवर्तन और विवाह तक पहुंच गई। आंवला थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव निवासी नरगिस ने सनातन धर्म अपनाकर अपना नाम इच्छा देवी रख लिया। सुभाषनगर के मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में गोमूत्र पान और गंगाजल से आचमन के साथ शुद्धिकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई गई। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नरगिस ने गांव के ही अपने प्रेमी आकाश कश्यप के साथ विवाह कर लिया। आश्रम के महंत आचार्य पंडित केके शंखधार ने वैदिक विधि-विधान से पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई। युवती का दावा है कि उसने बिना किसी दबाव के अपनी इच्छा से धर्म परिवर्तन और विवाह का फैसला लिया है। वहीं, प्रेमी ने युवती के परिजनों से जान का खतरा जताया है। इसी वजह से नवविवाहित जोड़ा फिलहाल गांव छोड़कर दिल्ली में रह रहा है।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, डेढ़ साल में प्यार तक पहुंचा रिश्ता
जानकारी के मुताबिक, नरगिस और आकाश की पहचान करीब डेढ़ साल पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। युवती ने बताया कि उसने ही पहले आकाश को संदेश भेजकर बातचीत शुरू की थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बात शादी तक पहुंच गई। युवती ने आकाश के सामने विवाह का प्रस्ताव रखा, जिसे उसने स्वीकार कर लिया। नरगिस इंटरमीडिएट तक पढ़ी है, जबकि आकाश हाईस्कूल पास है।
पहले भी घर छोड़कर दिल्ली पहुंची थी युवती
शादी की इच्छा को लेकर नरगिस पहले भी आकाश के साथ दिल्ली चली गई थी। उस समय युवती के परिजनों के विरोध के बाद आकाश के परिवार वालों ने उसे वापस भेज दिया था। हालांकि, कुछ समय बाद वह दोबारा आकाश के पास पहुंच गई। इसके बाद दोनों ने विवाह करने का फैसला लिया।
गोमूत्र पान और गंगाजल से आचमन के बाद शुद्धिकरण
मढ़ीनाथ स्थित श्री अगस्त्य मुनि आश्रम में महंत आचार्य पंडित केके शंखधार ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच शुद्धिकरण की प्रक्रिया संपन्न कराई। इस दौरान नरगिस ने गोमूत्र पान किया। महंत ने उसे गंगाजल और गोमूत्र से आचमन कराया। इसके बाद पवित्रीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई। युवती ने बिना रुके तीन बार गायत्री मंत्र का उच्चारण किया। धर्म परिवर्तन के बाद उसने अपना नाम इच्छा देवी रख लिया।
चार-पांच साल से हिंदू धर्म में आस्था का दावा
इच्छा देवी ने बताया कि पिछले चार-पांच वर्षों से उसकी आस्था हिंदू धर्म में है। उसने किसी के दबाव या बहकावे में आकर नहीं, बल्कि अपनी मर्जी से सनातन धर्म अपनाया है। उसने अपने विवाह के संबंध में आर्य समाज, फतेहगंज पश्चिमी में संपन्न विवाह का प्रमाण-पत्र होने की बात भी कही।
परिजनों से जान का खतरा, दिल्ली में रह रहा जोड़ा
आकाश का कहना है कि युवती के परिजनों से उन्हें जान का खतरा है। इसी आशंका के चलते दोनों फिलहाल गांव में नहीं रह रहे हैं और दिल्ली में रह रहे हैं। वहीं, इच्छा देवी ने बताया कि आकाश के परिवार वालों ने उसे बहू के रूप में स्वीकार कर लिया है।










