अस्पताल मेडिकल हॉलों पर ज्यादा मनमानी खरीद और विक्री मूल्य प्रदर्शित करना अनिवार्य
आर बी लाल
टेलीग्राम संवाद, बरेली। दवा कारोबार में मूल्य निर्धारण की पारदर्शिता और मरीजों के आर्थिक शोषण पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने प्रदेशभर में दवा प्रतिष्ठानों के खिलाफ निगरानी और निरीक्षण अभियान तेज कर दिया है। सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में अब दवा विक्रेताओं को दवाओं का अधिकतम खुदरा मूल्य (एमआरपी), खरीद मूल्य और स्टॉक संबंधी विवरण सार्वजनिक करना होगा। इसके साथ ही निर्धारित पोर्टल पर भी आवश्यक जानकारी उपलब्ध करानी होगी। शासन के निर्देशों के बाद बरेली में विभागीय टीमों ने बड़े मेडिकल स्टोरों, अस्पताल परिसरों में संचालित दवा बिक्री केंद्रों और फार्मेसी प्रतिष्ठानों का भौतिक सत्यापन शुरू कर दिया है।
अस्पताल परिसरों में संचालित मेडिकल स्टोर विशेष जांच के दायरे में हैं। आरोप हैं कि कई स्थानों पर दवाओं की पैकिंग पर अंकित एमआरपी और खरीद मूल्य के बीच काफी अंतर रहता है। मरीजों और तीमारदारों को मजबूरी में अस्पताल के भीतर से ही दवाएं खरीदनी पड़ती हैं। ऐसे में मूल्य पारदर्शिता के अभाव में उनसे मनमानी कीमत वसूले जाने की शिकायतें सामने आती रही हैं। एफएसडीए ने दवा विक्रेताओं को एक सप्ताह के भीतर आवश्यक विवरण प्रदर्शित करने और पोर्टल पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। विभागीय कार्रवाई से दवा कारोबारियों में खलबली मची हुई है।
प्रारंभिक कार्रवाई में रामगंगा नगर स्थित वेदांता, खुशलोक, सिद्धि विनायक, मेडिसिटी, शाहदाना स्थित नवसंचालित वंश अस्पताल और रामपुर बाग स्थित ईशान अस्पताल परिसर के मेडिकल स्टोरों को नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है। विभाग ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जिले में संचालित अस्पतालों और उनसे संबद्ध मेडिकल स्टोरों की सूची भी मांगी है, ताकि सभी प्रतिष्ठानों का सत्यापन कराया जा सके।
दस से सौ गुना तक कीमत वसूली के आरोप, दवा की वास्तविक लागत और एमआरपी पर उठे सवाल
दवा कारोबार में मूल्य निर्धारण को लेकर सबसे गंभीर सवाल दवाओं की निर्माण लागत, खरीद मूल्य और पैकिंग पर अंकित एमआरपी के बीच अंतर को लेकर उठ रहे हैं। विभागीय स्तर पर भी इस तरह की शिकायतें और जानकारियां सामने आने की बात कही जा रही है कि कम लागत वाली दवाएं कई गुना अधिक कीमत पर बेची जाती हैं।
आरोप है कि कुछ दवाओं की निर्माण लागत और बिक्री मूल्य में असामान्य अंतर रखा जाता है। दस रुपये की दवा सौ रुपये से अधिक में बेचे जाने से लेकर दस-बीस रुपये की दवाओं के लिए सैकड़ों रुपये वसूले जाने तक के मामले सामने आने की बात कही जा रही है। सर्जिकल आइटमों की कीमतों को लेकर भी पारदर्शिता पर सवाल उठते रहे हैंइसी तरह की शिकायतें सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष भी रखे जाने का उल्लेख किया गया है। दवा बिक्री केंद्रों पर आइटमवार एमआरपी, खरीद मूल्य और स्टॉक का विवरण उपलब्ध कराने तथा संबंधित पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने की व्यवस्था को पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
चर्म रोग और सौंदर्य प्रसाधन की दवाओं पर विशेष नजर
दवा बाजार में चर्म रोग, सौंदर्य प्रसाधन, एंटीबायोटिक और खांसी की दवाओं की कीमतों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। आरोप हैं कि इन श्रेणियों की कुछ दवाओं की पैकिंग पर अपेक्षाकृत अधिक एमआरपी अंकित कराई जाती है, जिससे मरीजों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।विशेषकर त्वचा रोग और सौंदर्य संबंधी उपचार कराने वाले मरीजों को लंबे समय तक दवाओं का इस्तेमाल करना पड़ता है। ऐसे में यदि दवाओं की कीमतों में अनावश्यक अंतर रखा जाता है तो इसका सीधा असर मरीजों की जेब पर पड़ता है।दूसरी ओर, प्रधानमंत्री भारतीय जनऔषधि परियोजना के केंद्रों पर कई जेनेरिक दवाएं सामान्य ब्रांडेड विकल्पों की तुलना में कम कीमत पर उपलब्ध हैं। ऐसे में दवाओं की कीमतों और उपलब्धता की जानकारी सार्वजनिक होने से मरीजों को विकल्पों की तुलना करने में मदद मिल सकती है।

एफएसडीए आयुक्त के निर्देश पर प्रदेशव्यापी अभियान, चार दिसंबर तक चलेगी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश एफएसडीए आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने सर्वोच्च न्यायालय से संबंधित दिशा-निर्देशों के अनुपालन में विभागीय अधिकारियों को सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद प्रदेशभर में मेडिकल स्टोरों और फार्मेसी प्रतिष्ठानों का निरीक्षण शुरू किया गया है।विभागीय सूत्रों के मुताबिक, बरेली में अब तक सौ से अधिक नोटिस जारी किए जा चुके हैं। वेदांता, खुशलोक, सिद्धि विनायक, मेडिसिटी, वंश अस्पताल और ईशान अस्पताल सहित कई प्रतिष्ठान विभागीय जांच के दायरे में हैं। अभियान चार दिसंबर तक चलने की जानकारी दी गई है।
निरीक्षण के दौरान दवा बिक्री केंद्रों पर मूल्य और स्टॉक संबंधी जानकारी के साथ लाइसेंस की शर्तों का भी परीक्षण किया जा रहा है। विभागीय निर्देशों का पालन नहीं करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ औषधि लाइसेंस निलंबित करने अथवा निरस्त करने जैसी कार्रवाई की जा सकती है।
डॉक्टर, अस्पताल और कारोबारी खुद भी बनवा रहे दवाएं, निजी ब्रांडों की कीमतों पर सवाल
दवा कारोबार का एक अन्य पहलू निजी ब्रांड के नाम से दवाओं का निर्माण और बिक्री भी है। आरोप हैं कि कुछ डॉक्टर, अस्पताल संचालक और बड़े दवा कारोबारी हिमाचल प्रदेश सहित अन्य राज्यों की निर्माण इकाइयों से अपने ब्रांड के नाम पर दवाएं तैयार कराते हैं। इसके बाद उनकी पैकिंग पर अपने ब्रांड और एमआरपी के साथ बाजार में उतारा जाता है।
राजेंद्र नगर सहित शहर के कुछ इलाकों में डॉक्टरों की ओर से अपनी फार्मेसी संचालित किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इन प्रतिष्ठानों पर उपलब्ध दवाओं की कीमतों और बाजार में उपलब्ध समान दवाओं के मूल्य के बीच अंतर को लेकर सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, इन मामलों में वास्तविक स्थिति संबंधित दवाओं के निर्माण मूल्य, खरीद बिल, एमआरपी और बिक्री रिकॉर्ड की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

दवा कारोबारियों ने मंत्री अरुण कुमार सक्सेना को सौंपा ज्ञापन, शासनादेश पर जताई आपत्ति
वेबसाइट और साप्ताहिक स्टॉक अपडेट की अनिवार्यता को बताया व्यावहारिक रूप से कठिन, मुख्यमंत्री तक समस्याएं पहुंचाने की मांग
बरेली। मेडिकल स्टोरों पर दवाओं के एमआरपी, खरीद मूल्य, उपलब्धता और साप्ताहिक स्टॉक का विवरण सार्वजनिक करने संबंधी शासनादेश को लेकर दवा कारोबारियों और चिकित्सक संगठनों ने अपनी आपत्तियां उठानी शुरू कर दी हैं। विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधिमंडल ने वन एवं पर्यावरण मंत्री अरुण कुमार सक्सेना से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और शासनादेश से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने की मांग की।प्रतिनिधिमंडल का कहना था कि प्रत्येक मेडिकल स्टोर के लिए अलग वेबसाइट तैयार कराना, नियमित रूप से स्टॉक अपडेट करना और खरीद-बिक्री से संबंधित जानकारियां सार्वजनिक करना छोटे और मध्यम स्तर के कारोबारियों के लिए आर्थिक एवं तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण होगा।
व्यापारियों ने कहा कि खरीद और बिक्री मूल्य के अंतर को ही वास्तविक मुनाफा मानना उचित नहीं है। मेडिकल स्टोर संचालित करने में दुकान का किराया, कर्मचारियों का वेतन, बिजली, परिवहन, एक्सपायरी दवाओं से होने वाला नुकसान और स्टॉक प्रबंधन जैसी कई लागतें भी शामिल होती हैं।हालांकि, प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि वे मरीजों को उचित कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराने और मूल्य पारदर्शिता के विरोधी नहीं हैं। उनका सुझाव है कि प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर अलग-अलग डिजिटल व्यवस्था लागू करने के बजाय सरकार अथवा राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (एनपीपीए) की ओर से एक केंद्रीकृत और प्रमाणित दवा मूल्य पोर्टल तैयार किया जाए।
प्रतिनिधियों ने शासनादेश को तत्काल स्थगित करने, उसके वैधानिक आधार और व्यावहारिक प्रभावों की समीक्षा कराने तथा आईएमए, नीमा, थोक एवं फुटकर दवा कारोबारियों और फार्मासिस्टों के साथ उच्चस्तरीय बैठक आयोजित करने की मांग की। उनका कहना था कि सभी पक्षों से विचार-विमर्श के बाद नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) और न्यायसंगत नीति तैयार की जानी चाहिए।
दवा संगठनों के पदाधिकारियों ने रखी अपनी बात
बरेली रिटेल केमिस्ट वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष विजय श्रीवास्तव ने कहा कि मरीज हित और दवा मूल्य पारदर्शिता के नाम पर व्यापारियों की गोपनीयता, वैध अधिकार और सम्मान प्रभावित नहीं होने चाहिए।जिला बरेली केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष दुर्गेश खटवानी ने कहा कि प्रत्येक मेडिकल स्टोर पर वेबसाइट और नियमित डिजिटल अपडेट की अनिवार्यता अतिरिक्त बोझ है।जिला बरेली केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल ने कहा कि खरीद और बिक्री मूल्य का अंतर ही व्यापारी का वास्तविक लाभ नहीं होता। एसोसिएशन के सचिव रितेश मोहन गुप्ता ने सरकारी प्रमाणित केंद्रीय मूल्य पोर्टल बनाने की आवश्यकता बताई।बरेली रिटेल केमिस्ट वेलफेयर सोसाइटी के सचिव अंकित भाटिया ने साप्ताहिक स्टॉक अपडेट की व्यावहारिक कठिनाइयों और मरीजों तक गलत जानकारी पहुंचने की आशंका जताई। कोषाध्यक्ष अमित कंचन ने अतिरिक्त आर्थिक और तकनीकी बोझ पर चिंता व्यक्त की।जिला बरेली केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश खटवानी ने शासनादेश के वैधानिक आधार की समीक्षा कराने की मांग की। वहीं मनोज खटवानी ने कहा कि चिकित्सक, फार्मासिस्ट और दवा कारोबारी स्वास्थ्य व्यवस्था में मरीजों के सहयोगी हैं। ऐसी व्यवस्था नहीं होनी चाहिए, जिससे इनके बीच आपसी विश्वास प्रभावित हो।
इस दौरान अजय शर्मा, देशराज यादव, डॉ. हिमांशु अग्रवाल, डॉ. नितिन गंगवार, प्रभु दयाल लोधी, विजय मूलचंदानी, मोहित पांडेय, दीपक सूरी, संजय पागरानी और संजीव चांदना सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि और दवा व्यापारी मौजूद रहे।
पहले भी इन अस्पतालों के मेडिकल स्टोरों पर हो चुकी है जांच
एफएसडीए की टीमों ने इससे पहले भी शहर के कई अस्पताल परिसरों में संचालित मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण किया था। इनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
- प्रीतोमल मेडिकल – खुशलोक हॉस्पिटल
- शिव ओम मेडिकल – राधिका हॉस्पिटल
- नवोदय मेडिकल – नवोदय हॉस्पिटल
- श्री नाथजी मेडिकल – श्रीनाथजी मेडिसिटी हॉस्पिटल
- ओम मेडिसन सेंटर – केयर हॉस्पिटल
- शोभित मेडिवर्ल्ड – श्री वेदांता हॉस्पिटल
निरीक्षण के दौरान कुछ मेडिकल स्टोरों के लाइसेंस में फार्मासिस्ट का नाम दर्ज मिला, लेकिन फोटो सहित अन्य आवश्यक विवरण उपलब्ध नहीं पाए गए। इस पर संबंधित प्रतिष्ठानों को विभाग की ओर से नोटिस जारी किए गए हैं।










